पटना: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने शुक्रवार को अपनी टीम की घोषणा कर दी. इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी की इस नई टीम को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बिहार बीजेपी के अध्यक्ष जायसवाल द्वारा जारी टीम में कुल 12 लोगों को उपाध्यक्ष बनाया गया है, जिसमें अजय निषाद, ओम प्रकाश यादव, राजेंद्र सिंह, राजेंद्र गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, राधा मोहन शर्मा, प्रमोद चंद्रवंशी, पिंकी कुशवाहा, नीतीश मिश्रा, राजेश वर्मा, राजीव रंजन, बेबी कुमारी के नाम शामिल हैं.

प्रदेश के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी नागेंद्र जी को सौंपी गई है, जबकि प्रदेश संगठन महामंत्री शिवनारायण महतो को बनाया गया है. प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी देवेश कुमार, जनक राम, संजीव चौरसिया और सुशील चौधरी को सौंपी गई है, जबकि मंत्री की जिम्मेदारी कुल 12 लोगों को सौंपी गई है, जिसमें रूपनारायण मेहता, अमृता भूषण, प्रवीण ताती, सिद्धार्थ शंभू, शंभू शरण, पटेल बेबी चंकी, धर्मशिला गुप्ता, अजय यादव, सजल झा, पूनम शर्मा, शीला प्रजापति और संजीव क्षत्रिय शामिल हैं.

बिहार में बीजेपी के कोषाध्यक्ष दिलीप जायसवाल को बनाया गया है, जबकि सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी श्यामा सिंह को सौंपी गई है. इसके अलावा प्रेमरंजन पटेल, निखिल आनंद, मनोज शर्मा सहित नौ लोगों को प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है.

बता दें कि बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं. बीजेपी, नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी. एनडीए के इस गठबंधन में लोक जनशक्ति पार्टी भी शामिल है. एनडीए ने नीतीश कुमार को अपना सीएम उम्मीदवार घोषित कर दिया हुआ है. एनडीए में सीटों का बंटवारा नहीं हुआ है.

पिछला विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार ने महागठबंधन के साथ लड़ा था जिसमें आरजेडी और कांग्रेस शामिल थे. बाद में साल 2017 में नीतीश कुमार ने महागठबंधन का साथ छोड़ दिया और दोबारा बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बना ली.