बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां बबेरू कोतवाली क्षेत्र के परास गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर में आग लगने के कारण बुजुर्ग महिला की झुलसकर मौत हो गई. आग की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की बेटी और बहू की हालत गंभीर है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. आग की वजह से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया.
बबेरू कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) जयश्याम पांडेय ने बुधवार को बताया कि 'मंगलवार दोपहर खाना पकाते समय एक घर में भीषण आग लग गई. आग की लपटों में झुलसकर बुजुर्ग महिला मुन्नी देवी (70) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसे बचाने में महिला की बेटी आरती (33) और बहू रेखा (35) बुरी तरह झुलस गईं.
पांडेय ने बताया, 'घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक डॉ सिद्धार्थशंकर मीणा, बबेरू के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) महेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) राजीव प्रताप सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है' एसएचओ ने बताया, 'महिला का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है और झुलसी महिलाओं को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
