बलिया: बलिया में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जहां जमीन पर कूड़ा रखने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और एक महिला समेत तीन अन्य लोग घायल हो गये. ये मामला सिकंदरपुर थाना क्षेत्र का है.
पुलिस उपाधीक्षक विनय प्रताप यादव ने मंगलवार को बताया कि सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के रुद्रवार गांव में सोमवार शाम बनवारी प्रजापति के भतीजे पिंटू से जमीन पर कूड़ा करकट रखने को लेकर रोहित राय के परिवार से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई. इसमें एक पक्ष से बनवारी प्रजापति (50) और नीलम (21) जबकि दूसरे पक्ष से अनिता राय (24) और रोहित राय (30) घायल हो गए.
सभी घायलों को ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ केंद्र, सिकंदरपुर पहुंचाया,जहां चिकित्सक ने बनवारी प्रजापति को मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है. इस मामले में मृतक के भतीजे ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
