पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी पर लगातार हमलावर है. उन्होंने पनसुखिया में कहा कि बीजेपी यहां आती है और यह कहती है कि विकास नही हुआ. दिल्ली का क्या हुआ? लड्डू? ममता ने आगे कहा- अगर वे लंबे समय तक सत्ता में रहेंगे तो वे देश को भी बेच देंगे. इससे पहले राज्य की मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने शनिवार को खेजुरी रैली में बीजेपी पर बड़ा हमला बोला. ममता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस तरह से खेल खेलिए कि बीजेपी देश से ही बाहर हो जाए.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने आगे कहा- बीजेपी को नोटबंदी के धन, पीएम केयर्स फंड को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि सामंती जमींदारों की पार्टी भाजपा ने लाखों करोड़ों रुपये धन चुरा लिये. 

मेदिनीपुर रैली में शुभेंदु परिवार पर निशाना

इससे पहले, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्वी मेदिनीपुर में रैली में अधिकारी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘भगवान का शुक्र है कि 'मीर जाफरों' (बागियों) ने (टीएमसी) छोड़ दी. अब जाकर मुझे सुकून मिला है. हम बच गए.’’

बनर्जी ने बीजेपी की आलोचना करते हुए उसे दुनिया में ‘‘सबसे बड़ी लुटेरी’’ पार्टी बताया और कहा कि उसे राज्य में कभी भी सत्ता में नहीं आने देना चाहिए. पूर्वी मिदनापुर जिले के हल्दिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने भगवा पार्टी पर दंगों की साजिश रचने, लोगों की हत्या करने तथा दलित लड़कियों को प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया.

बीजेपी दुनिया में सबसे बड़ी तोलाबाज

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा दुनिया में सबसे बड़ी ‘तोलाबाज’ है...देखिए पीएम केयर फंड के तहत उसने कितना पैसा इकट्ठा किया. अगर पश्चिम बंगाल के लोग शांति चाहते हैं और दंगों से मुक्त राज्य चाहते हैं तो तृणमूल कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है.’’ पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में 27 मार्च से चुनाव होंगे.

ये भी पढ़ें: बंगाल चुनाव: ममता बोलीं- BJP ने TMC के दलबदलुओं को मैदान में उतारा, रो रहे भाजपा के पुराने नेता