Sri Lanka President India Visit: श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे दो दिनों की यात्रा पर भारत आ रहे हैं. 20-21 जुलाई के इस दौरे के दौरान वो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ मुलाकात करेंगे. उनका ये आधिकारिक दौरा द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने और मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है.

विदेश मंत्रालय के एक बयान में बताया कि राष्ट्रपति विक्रमसिंघे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर 20 से 21 जुलाई तक भारत की आधिकारिक यात्रा करेंगे. यह यात्रा तब हो रही है जब दोनों देश इस साल राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं.

क्या कहा गया मंत्रालय के बयान में?

मंत्रालय ने बताया कि यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति विक्रमसिंघे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और आपसी हित के कई मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी और अन्य भारतीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे.

उसने कहा, ‘‘यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से जारी द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाएगी और मजबूत करेगी.'' विक्रमसिंघे ने भारत के साथ अच्छे संबंधों पर जोर दिया है और इसे अपनी विदेश नीति का प्रमुख मुद्दा बनाया है.

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत की ‘पड़ोस प्रथम नीति' और ‘सागर दृष्टिकोण' में श्रीलंका एक महत्वपूर्ण साझेदार है. बयान में कहा गया है, ‘‘ यह यात्रा दोनों देशों की दीर्घकालिक मित्रता की पुष्टि करेगी और सम्पर्क बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में आपसी लाभ आधारित सहयोग को विस्तार देने के रास्ते तलाशने का अवसर प्रदान करेगी.''

ये भी पढ़ें: Indian Rupee: 'भारतीय रुपये का इस्तेमाल अमेरिकी डॉलर के बराबर हो', जानें किस बात पर बोले श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे