लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है. सूत्रों ने जानकारी दी है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ विपक्ष के नेताओं की बैठक हुई है. उनका कहना है कि विपक्ष को संसद में बोलने नहीं दिया जाएगा तो अविश्वास प्रस्ताव लाएंगे.

Continues below advertisement

विपक्ष का कहना है कि राहुल गांधी लोकसभा में सांसदों के निलंबन और महिला सांसदों पर लगे आरोपों पर बोलना चाहते थे. राहुल गांधी बोलने की इजाजत मांग रहे थे. सोमवार (9 फरवरी, 2026) को सुबह लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के बाद संसद 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.

सूत्रों के अनुसार लगभग सभी विपक्षी दल स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात पर सहमत हैं और जल्दी ही इसे लेकर लोकसभा महासचिव को नोटिस सौंपनी की तैयारी है. बजट सत्र के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष की तीखी तकरार देखने को मिल रही है. विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हो सकी थी और पीएम नरेंद्र मोदी की स्पीच के बिना ही धन्यवाद प्रस्ताव पारित करना पड़ा था.

Continues below advertisement

विपक्षी सांसदों ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है. कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि हिमंत बिस्व सरमा एक मुख्यमंत्री होते हुए इस तरीके के वीडियो बनवाते हैं और असम बीजेपी उसको पोस्ट करती है और बाद में वह पोस्ट डिलीट हो जाता है. प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.

हिमंत बिस्वा सरमा के एक वीडियो को लेकर विपक्ष ने सख्त आपत्ति जताई है. असम बीजेपी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी इस वीडियो में सीएम टोपी पहनकर दो लोगों पर निशाना साधते हुए नजर आ रहे हैं. हालांकि, थोड़ी ही देर बाद यह वीडियो डिलीट कर दिया गया, लेकिन विपक्ष अब भी इसे लेकर बीजेपी पर हमलावर है.