ब्यूनस आयर्स: भारत 2022 में जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यह घोषणा की. उस साल देश की आजादी के 75 साल भी पूरे हो रहे हैं. जी-20 विश्व की 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं का एक समूह है. इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बड़ी कूटनीतिक कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है.
पीएम मोदी ने यहां अर्जेंटीना की राजधानी में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन के समापन समारोह में यह घोषणा की. वर्ष 2022 में जी 20 सम्मेलन की मेजबानी इटली को करनी थी. मोदी ने भारत को इसकी मेजबानी मिलने के बाद इसके लिए इटली का शुक्रिया अदा किया. इसके साथ ही उन्होंने जी-20 समूह के नेताओं को 2022 में भारत आने का न्यौता दिया. वर्ष 2022 में भारत की आजादी के 75 साल भी पूरे हो रहे हैं.
प्रधानमंत्री ने घोषणा के बाद ट्वीट किया, ‘‘वर्ष 2022 में भारत की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं. उस विशेष वर्ष में, भारत जी-20 शिखर सम्मेलन में विश्व का स्वागत करने की आशा करता है. विश्व की सबसे तेजी से उभरती सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत में आइए. भारत के समृद्ध इतिहास और विविधता को जानिए और भारत के गर्मजोशी भरे आतिथ्य का अनुभव लीजिए.’’
जी-20 दुनिया की 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं का समूह है. जी-20 के सदस्यों में अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देश हैं. ये भी देखें: नवजोत सिंह सिद्धू की वजह से बदली डिप्लोमेसी! भारत के साथ हैं इमरान या खिलाफ !