मुंबई: दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मुलाकात के बाद अटकलों का बाजार गर्म है. दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद अब एनसीपी प्रमुख शरद पवार का बयान सामने आया है. शरद पवार ने कहा है कि दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद चर्चाएं होने लगीं, लेकिन महा विकास आघाडी सरकार को महाराष्ट्र की जनता ने स्वीकार किया है. ये सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी.
विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी हम लोग एक साथ काम करेंगे- पवार
शरद पवार ने कहा, ‘’शिवसेना के साथ काम करने का भले ही अनुभव ना रहा हो, लेकिन हमारे रिश्ते उनसे अच्छे रहे हैं. मेरा मानना है कि यह सरकार अपने 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी. साथ ही आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी हम लोग एक साथ काम करेंगे.’’
शिवसेना ने इंदिरा गांधी की मदद की थी- पवार
शरद पवार ने आगे कहा, ‘’इंदिरा गांधी को भी शिवसेना ने चुनाव के दौरान मदद की थी. उस वक्त शिवसेना प्रमुख बाला साहब ठाकरे ने कांग्रेस के खिलाफ एक भी उम्मीदवार खड़ा न करने का फैसला लिया था और उसे निभाया भी था. यह इतिहास है.’’
अजीत पवार के साथ पीएम मोदी से मिले थे उद्धव ठाकरे
बता दें कि 8 जून को उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी से मुलाकात की थी. इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात में उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र में कोरोना की स्थिति, मराठा आरक्षण और ताऊते तूफान से हुए नुकसान को लेकर बात की थी. उद्धव ठाकरे के अलावा बैठक में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार और महाराष्ट्र में मराठा आरक्षण उपसमिति के अध्यक्ष कांग्रेस नेता अशोक च्वहाण भी शामिल हुए थे.
यह भी पढ़ें-
