नई दिल्ली: मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा द्विवेदी की हत्या के मामले को पुलिस ने कथित कातिल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की शुरुआती जांच से जाहिर होता है कि शैलजा द्विवेदी की हत्या की वजह लव अफेयर है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक शैलजा द्विवेदी पर मेजर निखिल शादी का दवाब बना रहा था लेकिन शैलजा इसका विरोध कर रही थी. इसी बात को लेकर दोनों का झगड़ा हुआ और मेजर ने चाकू से मर्डर कर दिया. हालांकि, पुलिस अभी किसी एक नतीजे पर पहुंची नहीं है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि कड़ी पूछताछ के बाद ही असली कहानी सामने आएगी. अब तक की जांच के मुताबिक मर्डर करने के बाद हांडा अपने घर गया, फिर नहाया उसके बाद उसी कार से निकल गया जिसका इस्तेमाल उसने बॉडी को कुचलने के लिए किया था, ताकि इसे एक्सीडेंट का रूप दिया जा सके. ये होंडा सिटी कार सीसीटीवी फुटेज में भी नज़र आ रही थी जिसमें शैलजा बेस हॉस्पिटल से बैठी थी. आपको बता दें कि शनिवार को दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के पास मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा का शव सड़क पर मिला था. खास बात ये है कि अमित द्विवेदी ने हत्या का पहला शक अपने साथी मेजर निखिल राय हांडा पर जताया था, जिसके आधार पर पुलिस जांच में आगे बढ़ी और आखिरकार उसने हांडा को गिरफ्तार कर लिया.
कैसे बढ़ी जांच शनिवार की दोपहर दक्षिणी दिल्ली के नारायणा इलाका में शैलजा की लाश मिली. शुरू में तो पहचान नहीं हो पाई लेकिन कुछ देर बाद पुलिस को मालूम चला कि ये लाश सेना के मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी शैलजा द्विवेदी की है. शैलजा के पति की सरकारी गाड़ी के ड्राइवर ने उन्हें आर्मी अस्पताल के बाहर फिजियोथेरेपी के लिए छोड़ा था, लेकिन दोपहर को उनकी लाश रोड पर पड़ी हुई मिली. इसके बाद सीसीटीवी से जो बात छनकर बाहर निकली उसके मुताबिक आखिरी बार शैलजा अस्पताल के बाहर से एक शख्स के साथ कार में जाती हुई दिखी थीं.
पुलिस को ऐसे मिला सुराग इसी के बाद पुलिस कत्ल के इस केस में सिल्वर रंग की एक होंडा सिटी कार की तलाश करने लगी. सीसीटीवी में शैलजा इसी रंग की कार में एक शख्स के साथ जाती हुई दिखी थी. पुलिस ने शक जता दिया था कि इस मर्डर केस में कोई जान पहचान वाला शामिल है. जांच जैसे जैसे आगे बढ़ रही थी वैसे वैसे एक शख्स के आसपास हत्या का ये पूरा मामला सिमटता जा रहा था. शैलजा की मर्डर मिस्ट्री में जो भी सबूत सामने आये उसमें शक सेना के ही एक दूसरे मेजर पर जाने लगा. जो कि शैलजा के पति अमित के साथ ही अरुणाचल प्रदेश के दीमापुर में पोस्टेड था.
शक की वजह ये थी - क्योंकि आखिरी बार शैलजा कार में एक शख्स के साथ दिख रही थी - वीडियो के मुताबिक शैलजा आराम से बैठकर कार में जा रही है - यानी जोर जबरदस्ती या अगवा जैसी बात वीडियो देखने पर सामने नहीं आ रही - हो सकता है शैलजा का उस शख्स से कार में झगड़ा हुआ हो - और फिर बात इतनी बढ़ गई हो कि उसने चाकू से उसकी हत्या कर दी हत्या करके रोड पर फेंकने के बाद गाड़ी से कुचले जाने के निशान भी मौके से मिले. पुलिस जिन कड़ियों को जोड़कर सबूत जुटा रही थी उसके मुताबिक इस हत्या में शैलजा के जानने वाला का ही हाथ था और हुआ भी वही.
पति मेजर- कातिल मेजर के संबंध - पति मेजर अमित द्विवेदी नागालैंड के दीमापुर में पोस्टेड हैं - इन दिनों ट्रेनिंग के लिए पत्नी के साथ दिल्ली आए हुए हैं - जिस मेजर पर शक है वह भी दीमापुर में ही पोस्टेड है पुलिस शैलजा के कॉल डिटेल के आधार पर कातिल तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी. पुलिस सूत्रों की माने तो शैलजा के कॉल डिटेल से ये जानकारी मिली है कि एक दो लोग उससे बराबर फोन पर संपर्क में थे.
कौन है शैलजा? शैलजा अमृतसर की रहने वाली थी जबकि पति अमित मेरठ के हैं. साल 2009 में दोनों की शादी हुई थी और 6 साल का एक बेटा भी है.
पुलिस के सामने सवाल पुलिस अब इन सवालों के जवाब जानने में लगी है कि - शैलजा कथित तौर पर आरोपी मेजर को कब से और कितना जानती थी ? - क्या गिरफ्तार आरोपी मेजर शैलजा से एकतरफा प्यार करता था ? - क्या शैलजा की हत्या में एक से ज्यादा लोग शामिल हैं ? - क्या शैलजा को आरोपी मेजर परेशान करता था ? - क्या शैलजा के पति मेजर अमित संदिग्ध आरोपी की हरकतों को जानते थे ? ये कुछ ऐसे सवाल हैं जिनके जवाब तलाशते हुए पुलिस कत्ल की इस गुत्थी को पूरी तरह से सुलझाने में जुटी है.