नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को राज्य में सुरक्षा हालात के बारे में अवगत कराया. राज्य में फिलहाल राष्ट्रपति शासन है. 15 मिनट चली बैठक के दौरान राज्यपाल ने गृह मंत्री को अमरनाथ यात्रा को लेकर तैयारी के बारे में अवगत कराया. 46 दिवसीय यात्रा मासिक शिवरात्रि के दिन एक जुलाई से शुरू होगी और यह 15 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के दिन संपन्न होगी.
अमित शाह और सत्यपाल मलिक के बीच विकास के विभिन्न मुद्दों के अलावा कश्मीर घाटी और सीमाई क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा हुई. बैठक के बाद मलिक ने कहा, ‘‘मैंने गृह मंत्री के साथ सुरक्षा मामलों और विकास के मुद्दों पर चर्चा की.’’ उन्होंने कहा, ''हम अमरनाथ यात्रा के लिए पूरी तरह से तैयार हैं. राज्य के लोगों की मदद से अमरनाथ यात्रा एक बार फिर उसी तरह कामयाबी के साथ खत्म होगी, जैसे बीते साल हुई थी.''
राज्यपाल ने हालांकि कहा कि राज्य में विधानसभा चुनाव कराने संबंधी मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई क्योंकि मामला चुनाव आयोग के अंतर्गत आता है. जम्मू कश्मीर में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है. शाह ने शनिवार को गृह मंत्री के तौर पर पदभार संभाला.
