नई दिल्ली: एनआईए ने बेंगलूर के रहने वाले एक संदिग्ध आईएसआईएस सदस्य को अपने हिरासत में लिया. इस शख्स को पिछले साल दिसंबर में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू से गिरफ्तार किया गया था.
एनआईए इस शख्स से पूछताछ कर पता लगाएगी कि वह हिमाचल में क्यों ठहरा था और उसकी मंशा क्या थी. अधिकारियों ने बताया कि 23 साल के आबिद खान को शिमला की एक अदालत में पेश किया गया, जहां एनआईए ने उसे 14 दिन अपनी हिरासत में रखने की अनुमति प्राप्त की.
आबिद को दिल्ली लाया जा रहा है. 26/11 के मुंबई हमलों के साजिशकर्ता और पाकिस्तानी-अमेरिकी नागरिक डेविड हेडली की गतिविधियों की जांच की रोशनी में यह मामला अहम हो जाता है. हेडली ने कहा था कि वह उन इजराइली पर्यटकों को निशाना बनाना चाहता था जो कुल्लू और मनाली के बीच के एक गांव में अक्सर आते थे.
