सितंबर 2026 में विमानन क्षेत्र से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं. इंडिगो की उड़ानों में अलग-अलग मौकों पर तकनीकी खराबी, धुएं की चेतावनी, बम की धमकी और एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान विमान के पोल से टकराने जैसी घटनाएं हुईं. कुछ मामलों में विमानों को वापस एयरपोर्ट लौटना पड़ा, जबकि कुछ उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया. इसी महीने एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी एक पायलट समेत आठ क्रू मेंबर्स को अनिवार्य प्री-फ्लाइट अल्कोहल टेस्ट में देरी और उड़ान संचालन में लापरवाही के मामले में तीन महीने के लिए निलंबित किया.
18 सितंबर: एयर इंडिया एक्सप्रेस के 8 क्रू मेंबर्स निलंबित
सितंबर की सबसे हालिया कार्रवाई एयर इंडिया एक्सप्रेस से जुड़ी रही. एयरलाइन ने एक पायलट समेत आठ क्रू मेंबर्स को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया. यह कार्रवाई अनिवार्य ब्रेथ एनालाइजर यानी प्री-फ्लाइट अल्कोहल टेस्ट में देरी और फ्लाइट संचालन में करीब 35 मिनट की लापरवाही के मामले में की गई.
15 सितंबर: धुएं की चेतावनी के बाद लखनऊ डायवर्ट हुई इंडिगो की उड़ान
15 सितंबर को अगरतला से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6E6504 को विमान के कार्गो क्षेत्र में धुएं की चेतावनी मिलने के बाद लखनऊ डायवर्ट किया गया. विमान में 103 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे. विमान ने शाम 6:29 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. इंडिगो की ओर से बताया गया कि तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई और विमान को जांच के लिए रखा गया.
13 सितंबर: इंजन में खराबी के बाद जयपुर में एयर इंडिया की इमरजेंसी लैंडिंग
13 सितंबर को भोपाल से नई दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान AI 186 की जयपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई. विमान के इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने जयपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया. विमान में 140 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित रहे.
10 सितंबर: बम की धमकी के बाद अहमदाबाद डायवर्ट हुई इंडिगो की उड़ान
10 सितंबर को लखनऊ से सऊदी अरब के दम्माम जा रही इंडिगो की उड़ान 6E97 को बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद डायवर्ट किया गया. विमान ने शाम 5:45 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग की. इसके बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों और चालक दल को विमान से सुरक्षित उतारा गया और विमान की गहन जांच की गई. जांच और सुरक्षा प्रक्रिया पूरी होने तक विमान को उड़ान की अनुमति नहीं दी गई.
4 सितंबर: श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान पोल से टकराया विमान
4 सितंबर को नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की उड़ान 6E225 के साथ एयरपोर्ट पर हादसा हुआ. विमान पार्किंग बे नंबर 6 की ओर जा रहा था, तभी वह विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम यानी VDGS के पोल से टकरा गया. टक्कर से विमान के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा, लेकिन विमान में सवार यात्री और चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित रहे. घटना के बाद विमान को जांच और रखरखाव के लिए भेजा गया.
1 सितंबर: इंजन में खराबी के बाद गोवा लौटी इंडिगो की उड़ान
सितंबर की शुरुआत में ही इंडिगो की दिल्ली जाने वाली एक उड़ान को तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा. 1 सितंबर को गोवा से दिल्ली जा रही उड़ान ने उड़ान भरने के करीब 30 मिनट बाद वापस लौटने का फैसला किया. रिपोर्ट के मुताबिक, हवा में इंजन से जुड़ी खराबी सामने आने के बाद विमान को गोवा के मनोहर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मोपा पर सुरक्षित उतारा गया. विमान में 229 यात्री सवार थे. सभी यात्रियों को सुरक्षित एयरपोर्ट पर उतारा गया.
लंदन से दिल्ली आ रहा इंडिगो का ड्रीमलाइनर भी लौटा
सितंबर में इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी तकनीकी समस्या के कारण वापस लौटने का मामला सामने आया. लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से दिल्ली आ रहा इंडिगो का बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर तकनीकी खराबी के बाद वापस लंदन लौट गया. विमान इंडिगो की उड़ान 6E4 के तौर पर लंदन से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था. फ्लाइट ट्रैकिंग जानकारी के मुताबिक, करीब एक घंटे तक हवा में रहने के बाद विमान ने दिल्ली की जगह वापस लंदन का रुख किया.
यह भी पढ़िएः CM विजय के फैसले के विरोध में उतरे कार्ति चिदंबरम, कहा- ‘याद रखना जरूरी कि...’
