नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर से तूफान का खतरा फिलहाल टल गया है. कल शाम से रात तक दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई जगहों पर धूल भरी आंधी चलने के बाद बारिश भी हुई. पश्चिमी यूपी के कई शहरों में रुक रुक कर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फ़बारी हो रही है.

दिल्ली में दीवार गिरने से पांच जख्मी दिल्ली में तेज हवाओं के बीच बदरपुर इलाके के मटके वाली गली में एक 16 कमरे के मकान पर दूसरे मकान की दीवार गिर गई. इस हादसे में एक परिवार के पांच लोग जख्मी हुए हैं. ये सभी लोग एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं. जिस मकान की दीवार गिरी है वह मकान नया बन रहा है जिसमे लगभग 40 कमरे हैं और 5 फ्लोर का है.

पश्चिमी यूपी के कई इलाको में बिजली गुल पश्चिमी यूपी में कल कई इलाकों में आंधी के साथ बारिश भी हुई. गाजियाबाद, मुरादाबाद, रामपुर बुलंदशहर, शामली समेत तमाम इलाकों में रात भर तेज हवाएं चलती रहीं. शामली में शाम सात बजे से तेज हवाओं के कारण बत्ती गुल हो गई. मुरादाबाद के कई इलाकों में भी रात भर बिजली गुल रही. आगरा में भी तेज आंधी आई, पिछले दिनों आगरा में आंधी तूफान के कारण कई लोगों की मौत हो गई थी.

इन जगहों पर जारी है अलर्ट दिल्ली में आंधी तूफान का खतरा तो टल गया है लेकिन आज भी कई जगहों पर आंधी तूफान को लेकर अलर्ट जारी है. -हिमालय के इलाके, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तूफान, ओले गिरने की आशंका जताई गई है. असम, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में तूफान की आशंका है. दक्षिणी कर्नाटक के हिस्से में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की आशंका है. दक्षिण के राज्य यानी तमिलनाडु और केरल में भी भारी बारिश की आशंका है. विदर्भ में लू और महाराष्ट्र में मौसम गर्म बना रहेगा.

इसके अलावा यूपी की बात करें तो कासगंज में तूफान और आंधी को देखते हुए हाई अलर्ट है. कासगंज में डीएम ने आज स्कूलों की छुट्टी कर दी है. रामपुर में भी स्कूल, मदरसे, आंगनबाड़ी केंद्र भी आज बंद हैं. शामली में तेज हवा और ओले की वजह से बिजली की समस्या है.

आंधी तूफान से कैसे बचें? आंधी तूफान के अलर्ट के बीच कई जगहों पर लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है. मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी और चेतावनियों के लिए रेडियो सुनें, टीवी देखें और अखबार पढ़ें. घर के अंदर रहने की कोशिश करें, खुले में जानें से बचें. बिजली के सभी सामानों के प्लग हटा दें. पेड़ों के नीचे या आसपास न जाएं, अगर गाड़ी, बस या अन्य ढकी हुई गाड़ी के अंदर हैं तो उसी में रहें. साइकिल और मोटरसाइकल पर चलने से बचें. पूल, तालाब, छोटी नाव में हैं तो तुरंत बाहर आएं और सुरक्षित जगह जाएं.