धर्मशाला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसने 'वन रैंक वन पेंशन' के मुद्दे पर देश के जवानों की आंखों में धूल झोंकी और अब कर्जमाफी के नाम पर किसानों को गुमराह कर रही है. हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार का एक साल पूरे होने के अवसर पर 'जन आभार' रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ''इन लोगों (कांग्रेस) ने पहले जवानों को धोखा दिया और अब कर्जमाफी के नाम पर किसानों को भी धोखा दे रहे हैं.''
हिमाचल के धर्मशाला में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, चौकीदार सोने को तैयार नहीं है इसलिए विरोधी परेशान हैं. बता दें कि कुछ दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि उनकी पार्टी मोदी को तब तक सोने नहीं देगी जब तक केंद्र देशभर में कृषि कर्ज माफ नहीं कर देता. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हाल में निर्वाचित कांग्रेस सरकारों ने कर्ज माफी की योजनाओं की घोषणा की है. प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने 40 साल से लंबित 'वन रैंक वन पेंशन' पर जवानों को धोखा दिया, उसी तरह वे किसानों को धोखा दे रहे हैं.
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 2008 में चुनाव से पहले ऐसे ही झूठ बोलकर कर्जमाफी का वायदा किया था. उस समय किसानों का कर्ज था छह लाख करोड़ रुपये, उन्होंने दिया 60 हजार करोड़ रुपये, माफ किया 52 हजार करोड़ रुपये, और 52 हजार करोड़ में से 35 लाख ऐसे लोग पैसे ले गए जिनके पास कोई खेत ही नहीं था. उन्होंने कहा, ''उस समय अरबों-खरबों के घोटाले हवा में ऐसे चलते थे कि किसानों से लूट की बात कभी अखबारों में छपी ही नहीं.''
मोदी ने आरोप लगाया कि इन लोगों (कांग्रेस) ने चुनाव के पहले पंजाब के किसानों से कर्जमाफी का वायदा किया, लेकिन अब तक पंजाब के किसानों को कुछ नहीं दिया. मोदी ने कहा, ''अभी कर्नाटक में चुनाव में किसानों से कर्जमाफी की बात कही गई, लेकिन अब सिर्फ 800 किसानों को टोकन रुपया देकर हाथ ऊपर कर दिए.''
मोदी ने कहा कि जवान 40 साल से 'वन रैंक वन पेंशन' मांग रहे थे, सरकार सुनने को तैयार नहीं थी, फौज के वीरों को उस समय की सरकार ने मूर्ख बनाया. मोदी ने कहा, ''जैसे अब वे किसानों को झूठ बोल रहे हैं, उस समय जवानों को झूठ बोला था.''
मोदी ने कहा, ''आज मुझे खुशी है कि चार किश्तों में हमने जवानों को 12000 करोड़ रूपये का यह भुगतान कर दिया है.'' उन्होंने हिमाचल के लोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वीरता, शौर्य, सामर्थ्य हिमाचल की धरती के वीरों की रगों में है. यहां शांति की कोख से वीरता पैदा होती है. यह इस धरती का गुण है. यहां का प्रेम और भाईचारा गजब का है.
प्रधानमंत्री ने राज्य सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि यहां की सरकार ने एक साल के भीतर जबर्दस्त काम किया है. सरकार को गांव-गांव, घर-घर ले जाने का काम किया है, उसके लिए जयराम और उनकी टीम को बधाई. उन्होंने कहा कि हिमाचल और अटल बिहारी वाजपेयी का अटूट नाता रहा. अटल के लिए यह उनका दूसरा घर होता था. हिमाचल में आज औद्योगिक विकास की जो संभावना पैदा हुई, उसकी नींव डालने का काम अटल ने किया था. उन्हीं के कदमों पर बीजेपी की जयराम सरकार राज्य को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है.
मोदी ने कहा कि दिल्ली में पिछली सरकार के समय में हिमाचल को 21 हजार करोड़ रूपये मिलते थे, लेकिन बीजेपी की सरकार आज हिमाचल को 72 हजार करोड़ रुपये दे रही है. यह इसलिए संभव हो पाया क्योंकि कि केंद्र सरकार को भरोसा है कि यहां की पाई-पाई का सही इस्तेमाल होगा और हिमाचल समृद्ध राज्य बनेगा.
पीएम ने कहा कि राज्य में पहले सड़कें ठीक नहीं थीं. इन दिनों सड़कों की जो कनेक्टिविटी बढ़ाई जा रही है, वह काफी लाभकारी है. किसानों के लिए, खासकर हिमाचल के किसानों के लिए यह अच्छा है. मोदी ने कहा कि जहां तक अवसंरचना की बात है तो हिमाचल में भारत सरकार की हाईवे, रेलवे, बिजली, सौर, पेट्रोलियम, करीब 26 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं जिससे हिमालय नयी ऊंचाइयों पर पहुंचेगा.''
प्रधानमंत्री ने कहा कि कालका-शिमला ट्रेनों के डिब्बों को पारदर्शी बनाया गया है, ताकि पर्यटक पूरी यात्रा के दौरान प्रकृति का लुत्फ उठा सकें. 15 हजार करोड़ रुपये के खर्च से चार बड़ी रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है. यह आने वाले दिनों में आधुनिक हिमाचल की दिशा में काम करेगा.
मोदी ने कहा कि हिन्दुस्तान को जानने-समझने का विश्व में एक आकर्षण पैदा हो रहा है. 2013 में देश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 70 लाख थी, लेकिन 2017 में यह संख्या बढ़कर लगभग एक करोड़ हो गई. यानी कि लगभग 45 फीसदी की वृद्धि हुई.
गुजरात: उपचुनाव में हार का साइड इफेक्ट, कांग्रेस में अब खुलकर सामने आई गुटबाजी
उन्होंने कहा कि एक अनुमान के मुताबिक 2013 में देश में विदेशी पर्यटकों ने 18 अरब डालर खर्च किए, लेकिन चार साल में विदेशी पर्यटकों का खर्च बढ़कर देश में 27 अरब डॉलर हो गया. करीब-करीब 50 फीसदी की वृद्धि हुई. वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम की पर्यटन रैंकिंग में पहले भारत 65 वें नंबर पर था, लेकिन हमारी सरकार आने के बाद चार साल के भीतर यह 40वें स्थान पर पहुंच गया है. हमने ई वीजा शुरू किया, जिससे विदेशी पर्यटकों को भारत आने में आसानी हो रही है.
मोदी ने राज्य और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के फायदों को दिखाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगाई प्रदर्शनी भी देखी. प्रधानमंत्री के धर्मशाला में हेलीपैड पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, कांगड़ा से भाजपा सांसद शांता कुमार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने उनका स्वागत किया. इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी मौजूद थे.
यहां देखें वीडियो
