भारतीय वायुसेना (IAF) के LCA तेजस फाइटर जेट के क्रैश होने की खबरों पर हिन्दुस्तान ऐरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने सफाई दी है. कंपनी ने बयान जारी कर कहा है कि तेजस फाइटर जेट क्रैश नहीं हुआ था, जिसकी चर्चा चल रही है, वह लैंडिंग के दौरान रनवे पर मामूली टेक्निकल समस्या थी.

Continues below advertisement

एचएएल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया, 'हालिया मीडिया रिपोर्टों में तेजस फाइटर जेट के क्रैश होने की खबरें सामने आई हैं. एलसीए तेजस के दुर्घटनाग्रस्त होने की कोई रिपोर्ट नहीं है. यह घटना ज़मीन पर हुई एक मामूली तकनीकी खराबी थी.'

HAL ने आगे कहा, ' एलसीए तेजस दुनिया के हाईटेक फाइटर जेट्स में बेहतरीन सुरक्षा रिकॉर्ड रखता है. मानक प्रक्रिया के मुताबिक इस टेक्निकल मुद्दे की और बारीकी से जांच की जा रही है. HAL और भारतीय वायुसेना (IAF) इस समस्या पर मिलकर काम कर रहे हैं, जिससे इसका जल्द से जल्द समाधान किया जा सके.'

Continues below advertisement

तेजस के क्रैश होने की उड़ी थी अफवाह

बता दें कि भारतीय वायुसेना (IAF) के LCA तेजस फाइटर जेट ट्रेनी उड़ान के बाद लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने की अफवाहें सामने आई थीं. दावा किया गया कि बीती 7 फरवरी को पाकिस्तान बॉर्डर पर एक फॉरवर्ड एयरबेस पर यह हादसा हुआ, जिसमें पायलट ने खुद को इजेक्ट कर लिया और सुरक्षित रूप से बाहर निकल आया. HAL ने अब इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी किया है और घटना को 'अफवाह' करार दिया.

बीते दो साल में दो जेट हुए हादसे के शिकार

मार्च 2024 में राजस्थान के जैसलमेर में तेजस विमान क्रैश हुथा था, हालांकि पायलट ने खुद को इजेक्ट कर लिया था. इसके अलावा साल 2025 में भी दुबई एयर शो के दौरान तेजस फाइटर जेट के क्रैश होने की घटना सामने आईथी. इस हादसे में पायलट की जान भी चली गई थी. इस हादसे की जांच अभी भी जारी है. वहीं, भारतीय वायुसेना ने 180 एमके1ए लड़ाकू विमानों का ऑर्डर दिया है, लेकिन डिलीवरी दो साल लेट चल रही है. 

भारत में कितने तेजस सेवा में?

रक्षा सचिव आरके सिंह के मुताबिक, भारतीय वायु सेना के बेड़े में 38 तेजस जेट्स सेवा में हैं. करीब 80 का निर्माण किया जा रहा है, इनमें से 10 तेजस जेट्स डिलीवरी के लिए तैयार हैं. इसके अलावा, IAF ने  LCA तेजस Mk-2 के 97 फाइटर जेट्स का भी ऑर्डर HAL को दिया है, जो कि मल्टी रोल फाइटर एयरक्रॉफ्ट होगा. इसके शामिल होने से भारतीय वायुसेना की MiG 21 की कमी पूरी हो जाएगी.