Opposition MPs Created Ruckus In Rajya Sabha: कृषि कानूनों और पेगासस जासूसी विवाद समेत अन्य मुद्दों पर आज राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ. हंगामे के कारण आज राज्यसभा की बैठक बार-बार बाधित होने के बाद शाम चार बजे दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई. 

विपक्ष के सांसद काले पपड़े पहनकर या काला बैंड बांधकर आए थे. आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने एक वीडियो रिट्वीट किया है. इस वीडियो में दिख रहा है कि विपक्षी दलों के सांसद 'काले कानून' वापस लो के नारे लगा रहे हैं. 

सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष के सांसदों ने चेयर की ओर रूल बुक भी फेंकी. इसको लेकर संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा है कि पहले ऐसा हमने कभी नहीं देखा. हंगामा करने वाले कांग्रेस, टीएमसी और आप के सांसदों पर क्या कार्रवाई करनी है? इसपर चर्चा के बाद निर्णय लेंगे.

वहीं कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा कि चर्चा के दौरान विपक्षी सांसदों के रवैये की हम निंदा करते हैं. विपक्ष के व्यवहार से साफ हो गया है कि कानूनों में कुछ काला नहीं है. काला विपक्ष के कपड़ों में है.

नरेंद्र तोमर ने कहा, ''राज्यसभा में आज कृषि पर चर्चा शुरू ही हुई थी लेकिन कांग्रेस, TMC, AAP का जो अलोकतांत्रिक रवैया रहा..उसकी मैं भर्त्सना करता हूं. कृषि के क्षेत्र में पीएम मोदी ने 2014 के बाद लगातार जो प्रयत्न किए हैं उससे लगातार कृषि का क्षेत्र आगे बढ़ रहा है.''

उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस, TMC, AAP के मन में किसानों के प्रति चिंता होती तो वो सभी चीज़ों को छोड़कर अपने सुझाव और विचार रखते.

उच्च सदन की बैठक हंगामे के कारण दोपहर दो बजे से पहले दो बार और दो बजे के बाद तीन बार बाधित हुई. दो बार के स्थगन के बाद उच्च सदन की बैठक जब दोपहर दो बजे शुरू हुई तो पेगासस जासूसी विवाद सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर अड़े विपक्षी सदस्यों का सदन में हंगामा पुन: शुरू हो गया. हंगामे के बीच ही पीठासीन अध्यक्ष भुवनेश्वर कालिता ने ‘‘देश में कृषि से संबंधित समस्याओं और उनके समाधान’’ पर अल्पकालिक चर्चा शुरू कराई.

चर्चा में पहले बीजेपी के विजयपाल सिंह तोमर और फिर बीजद के प्रसन्न आचार्य ने अपनी बातें रखीं. इसी बीच, आसन के समक्ष आए विपक्षी सदस्यों का हंगामा तेज हो गया जिसके कारण सदन की बैठक पीठासीन अध्यक्ष भुवनेश्वर कालिता ने दो बज कर 17 मिनट पर पंद्रह मिनट के लिए स्थगित कर दी. पंद्रह मिनट बाद उन्होंने हंगामे के चलते बैठक और आधे घंटे के लिए स्थगित कर दी.

आधे घंटे बाद यानी दोपहर करीब तीन बजे बैठक जब फिर शुरू हुई तो विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच पीठासीन अध्यक्ष भुवनेश्वर कालिता ने घोषणा की कि उपसभापति ने विभिन्न दलों के नेताओं को विचारविमर्श के लिए अपने कक्ष में आमंत्रित किया है. इसके बाद उन्होंने बैठक को एक घंटे के लिए स्थगित कर दिया. इसके बाद जब चार बजे उच्च सदन की बैठक पुन: शुरू हुई तो हंगामे के बीच, कालिता ने बैठक को बुधवार, 11 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया.

इससे पहले, सुबह 11 बजे हंगामे की वजह से उच्च सदन में आज भी शून्यकाल नहीं हो पाया और बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर बारह बजे तक स्थगित कर दी गई. 

राज्यसभा में BJP सांसदों की गैरमौजूदगी पर पीएम मोदी ने जताई नाराजगी, अनुपस्थित रहे सांसदों की लिस्ट मांगी