नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के नए मामलों की संख्या दिन ब दिन घट रही है. सोमवार को शहर में कोरोना वायरस के 564 नए मरीजों की पुष्टि हुई. सुखद तथ्य ये है कि ये संख्या पांच महीनों में सबसे कम है. वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण से 21 और मरीजों की मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हज़ार 474 पर पहुंच गई.

नए मामले सामने आने के साथ ही शहर में कुल मामले बढ़कर 6 लाख 23 हज़ार 415 हो गए हैं. बता दें कि रविवार को 57 हजार 463 से ज्यादा नमूनों की जांच की गई थी. दिल्ली में रविवार को 757, शनिवार को 655, शुक्रवार को 758 और गुरुवार को 1 हज़ार 63 मामले सामने आए थे.

दिल्ली सरकार के हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण की दर 0.98 फीसदी है. गौरतलब है कि दिल्ली में 27 जुलाई को कोरोना वायरस के 613 मामले सामने आए थे. 16 अगस्त को 652 और 17 अगस्त को 787 मामले आए थे.

हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार को इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 6 हज़ार 297 हो गई, जो रविवार को 6 हज़ार 713 थी. दिल्ली में 11 नवंबर को एक दिन में सबसे ज्यादा 8 हज़ार 593 मामले आए थे.

16 हज़ार से ज्यादा बेड हैं खाली बुलेटिन के मुताबिक, कोविड अस्पतालों के 18 हज़ार 774 बिस्तरों में से 16 हज़ार 275 बिस्तर खाली हैं. बुलेटिन में बताया गया है कि राष्ट्रीय राजधानी में 6 लाख 6 हजार 644 मरीज कोरोना के संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं.

ये भी पढ़ें: कोरोना वैक्सीन देने की व्यवस्था का रिहर्सल शुरू, टीकाकरण से पहले चार राज्यों में किया गया ड्राई रन नए साल के मौके पर दिवंगत अभिनेता Irfan Khan आखिरी बार नज़र आएंगे बड़े पर्दे पर, रिलीज हुआ पोस्टर