चक्रवाती तूफान मुरासु का लैंडफॉल मंगलवार रात एक बजे दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में शुरू हो गया. तूफान के तट से टकराने के साथ ही समुद्र किनारे तेज हवाएं चल रही हैं और कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है. ओंगोल के पास कोठापटनम बीच पर बेहद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश जारी है. वहीं, विजयवाड़ा में सोमवार देर रात से हो रही लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आंध्र प्रदेश के तट पर मुरासु चक्रवात के लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है. चक्रवात के आगे वाले हिस्से में, 'वॉल क्लाउड' का बड़ा हिस्सा जमीन पर आ गया है और 'आई' (चक्रवात का केंद्र) तट में प्रवेश कर रही है. यह प्रक्रिया नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के आसपास पूरी होने का अनुमान है.
120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तारमौसम विभाग के मुताबिक, तटीय इलाकों में 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इनके झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. सुबह तक हवा की रफ्तार इसी स्तर पर बनी रह सकती है.
विजयवाड़ा की सड़कों पर भरा पानीचक्रवात के असर से विजयवाड़ा के कई इलाकों में सोमवार देर रात से लगातार बारिश हो रही है. मंगलवार तड़के तक जारी मूसलाधार बारिश से शहर की प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया. बंदर रोड और पॉलीक्लिनिक रोड के साथ ही वन टाउन के कई हिस्सों में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
समुद्र में उठ सकती हैं डेढ़ मीटर तक ऊंची लहरेंमौसम विभाग ने दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के निचले इलाकों में समुद्र का पानी घुसने की आशंका भी जताई है. विभाग के अनुसार, समुद्र में सामान्य ज्वार के स्तर से करीब 1 से 1.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं. इससे तीन नवंबर की सुबह तक तटीय क्षेत्रों के निचले हिस्सों में पानी भरने का खतरा है.
इसका सबसे अधिक असर बापटला के साथ कृष्णा और प्रकाशम जिलों में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इन इलाकों में समुद्र का जलस्तर अधिकतम ऊंचाई तक पहुंचने के बाद धीरे-धीरे कम होने लगेगा. फिलहाल दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है.
यह भी पढ़िएः विशाखापट्टनम: HPCL तेल रिफाइनरी में विस्फोट, उठी लपटें, घने धुएं की गिरफ्त में पूरा इलाका
