मुंबई: शिवसेना नेता संजय राउत ने शुक्रवार को सवाल किया कि क्या देश में कोरोना वायरस की महमारी के बीच बिहार में विधानसभा चुनाव कराना उचित है? राउत ने कहा कि महामारी की वजह से देश में ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है, जो पहले कभी नहीं थी. उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या अब कोरोना वायरस की महमारी समाप्त हो गई है? क्या चुनाव कराने के लिए स्थिति ठीक है?’’

आपको बता दें कि चुनाव आयोग ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान किया कर दिया है. इसके मुताबिक राज्य में तीन चरणों में चुनाव होंगे. 28 अक्टूबर को पहले चरण में 71 सीटों पर मतदान होगा, जबकि तीन नवंबर को दूसरे चरण में 94 सीटों पर वोटिंग होगी और सात नवंबर को तीसरे चरण में 78 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. वोटों की गिनती 10 नवंबर को होगी. कोरोना काल में होने जा रहे इस चुनाव के लिए आयोग ने कई नियम तय किए हैं.

संजय राउत ने कहा कि संसद से पारित कृषि विधेयकों का बिहार के चुनावों पर असर नहीं होगा, क्योंकि राज्य में केवल जाति और धर्म के आधार पर मतदान होगा. बिहार चुनाव में सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मुद्दा बनने के सवाल पर शिवसेना सांसद ने आरोप लगाया, ‘‘सरकार के पास विकास या सुशासन के बारे में बोलने के लिए कुछ नहीं है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की सीबीआई जांच का क्या हुआ? बिहार के पुलिस महानिदेशक ने इस्तीफा दे दिया और अब विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं.

गौरतलब है कि बिहार के पूर्व पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पांडे, सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की सीबीआई जांच करने की मांग के बाद से ही महाराष्ट्र की गैर बीजेपी पार्टियों के निशाने पर हैं. बीते मंगलवार रात को पद छोड़ उन्होंने वीआरएस ले लिया, जिससे उनके चुनाव में उतरने के कयास लगाए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें:Explained: बिहार में तीन चरणों में होंगे चुनाव, जानिए- मतदान को लेकर अपने जेहन में उठने वाले सभी सवाल के जवाब 

ड्रग्स केस: रकुल प्रीत सिंह से चार घंटे चली पूछताछ, इस दौरान रिया चक्रवर्ती का जिक्र करते हुए मानी ये बात