मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना वैक्सीन की कमी के दावों के बीच कल प्राइवेट सेंटर पर वैक्सीन नहीं लगाया जाएगा. बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने सर्कुलर जारी कर कहा है कि शनिवार, रविवार को यानी 10 और 11 अप्रैल को बीएमसी के सभी कोविड वैक्सीनेशन सेंटर में वैक्सीन दी जाएगी.
बीएमसी ने कहा कि 10, 11 और 12 अप्रैल को प्राइवेट वैक्सीनेशन सेंटर में टीका न होने के कारण वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी. अगर टीका आया तो प्राइवेट अस्पतालों में टीकाकरण का फैसला लिया जाएगा.
इससे पहले टीके की किल्लत के कारण बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स (बीकेसी) में स्थित कोविड-19 देखभाल केंद्र समेत कई टीकाकरण केंद्रों पर आज सुबह टीकाकरण रोक दिया गया था.
सूत्रों के मुताबिक, टीका उपलब्ध नहीं रहने के कारण 120 में से 75 निजी अस्पतालों में शुक्रवार की सुबह टीकाकरण रोक दिया गया जबकि कुछ अन्य केंद्रों पर अगले कुछ घंटे में अभियान रोका गया.
बता दें कि मुंबई में आज 9200 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 35 मरीजों की मौत हुई है. मुंबई में अब तक 5,00,898 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं.
महाराष्ट्र में कितने लोगों को दिया गया टीका? महाराष्ट्र में अभी तक 93,45,052 लोगों को कोविड-19 का टीका लगाया चुका है. विभाग ने एक बयान में कहा कि महाराष्ट्र में 16 जनवरी से आठ अप्रैल के बीच इन लाभार्थियों को टीका लगाया गया है.
बयान में बताया गया कि 10,41,053 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है जिनके लिए पहले चरण में टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था, जबकि 5,00,899 ऐसे पेशेवरों को टीके की दूसरी खुराक दी जा चुकी है.
