पटना: पटना रेलवे स्टेशन के पास विश्व प्रसिद्ध महावीर मन्दिर में 108 घी के दीपक जलाए गए. महावीर मंदिर के सचिव किशोर कुणाल ने बताया कि कोरोना वायरस के संकट की घड़ी में सबसे आवश्यक है कि हम सभी भारतवासी एकजुट होकर रहें.
उन्होंने कहा कि इस रोग के प्रसार से निपटने और इसके प्रभाव को कम करने में देश के चिकित्सक, हमारे अन्य भाई-बन्धु जो अपनी जान की परवाह ना करते हुए इस संकट की घड़ी में दिन-रात एक करके लगे हुए हैं, उनके प्रति आभार प्रकट करें.
उन्होंने कहा कि उनका उत्साह बढ़ाना भी हमारा कर्तव्य है. इसी आशय से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर रात नौ बजे प्रत्येक घर के बाहर दीपक जलाने का आयोजन किया गया था. महावीर मन्दिर के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया है कि रात नौ बजे 108 घी के दिये जलाये गये.
उन्होंने इसके माध्यम से सभी को शुभकामनाएं दी और कहा कि हनुमानजी की कृपा से सभी लोग शीघ्र इस संकट से मुक्त हों. उन्होंने कहा है कि कोरोना वायरस से बचाव कार्य में लगे सभी कर्मियों को हनुमानजी की कृपा से असीम शक्ति मिलेगी और वे स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों को सुरक्षित रखेंगे.