Congress 85th Plenary Session: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन में राहुल गांधी ने बीजेपी की केंद्र सरकार, पीएम नरेंद्र मोदी, आरएसएस और मशहूर बिजनेसमैन गौतम अडानी पर जमकर हमला बोला. राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के अनुभव को भी लोगों के साथ शेयर किया. उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कई बार ऐसा हुआ कि उन्हें भयंकर दर्द हुआ. इसके अलावा उन्होंने कई मुद्दों को लोगों के सामने रखा.
राहुल गांधी के अलावा उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी केंद्र सरकार और बीजेपी को निशाने पर लिया. उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान वो इस तरह के मुद्दों को उठाते हैं जिनका जनता के सरोकार से कोई मतलब नहीं होता है. रोजगार, महंगाई और युवाओं के मुद्दों पर चुनाव लड़ना चाहिए. किस तरह देश में विकास होना चाहिए ये हमारी राजनीति होनी चाहिए. तो वहीं, राहुल गांधी ने बीजेपी, आरएसएस और गौतम अडानी के मुद्दों पर बात की. तो आइए जानते हैं...
राहुल गांधी के भाषण की 10 बड़ी बातें-
भारत जोड़ो यात्रा पर
1- राहुल गांधी ने कहा, ‘भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कुछ समय बाद लोगों से हाथ मिलाते ही उनकी बातें समझ आने लगीं. पदयात्रा के दौरान पैर में लगी पुरानी चोट का दर्द उभर आया. मन में अहंकार था कि मैं तो रोज 10 किलोमीटर चलता ही हूं.’
2- उन्होंने कहा, ’भारत माता ने संदेश दिया कि अगर देश जोड़ने निकले हो तो अहंकार निकाल दो. कश्मीर पहुंचते पहुंचते मैं बिल्कुल विपस्यना की स्थिति में पहुंच गया.’
3- घर छोड़ने पर राहुल गांधी ने कहा, ‘जब सात साल का था तब 1977 में एक दिन मां ने बताया कि हम घर छोड़ रहे हैं. मां ने पहली बार ये बताया कि ये हमारा घर नहीं है. मैंने पूछा कहां जाना है तो बोलीं "नहीं मालूम".’
4- उन्होंने कहा, ‘ 52 साल हो गए लेकिन हमारे पास घर नहीं है. जो घर है वो इलाहाबाद में है लेकिन वो भी हमारा नहीं है.’
गौतम अडानी पर राहुल
5- राहुल गांधी ने गौतम अडानी पर हमला करते हुए कहा, ‘609 नंबर से 2 नंबर पर अडानी कैसे पहुंचे. डिफेंस का मामला है क्यों नहीं जेपीसी हो रही है. एलआईसी का नुकसान हुआ है. शैल कंपनियों की जांच क्यों नहीं हो रही है. ‘
बीजेपी और आरएसएस पर राहुल
6- राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार और आरएसएस पर हमला करते हुए कहा, ‘मैंने सिर्फ मोदीजी से सवाल पूछा कि आपका अडानी के साथ रिश्ता क्या है. सभी मंत्री अडानी की रक्षा करने लगे. बीजेपी और आरएसएस को अडानी की रक्षा करने की जरूरत क्यों पड़ रही है?’
7- उन्होंने कहा, ‘अडानी और मोदीजी एक हैं, देश का पूरा का पूरा धन एक ही व्यक्ति के हाथों जा रहा है.’
इतिहास रिपीट हो रहा
8- राहुल गांधी ने कहा, ‘आजादी की लड़ाई भी एक कंपनी के खिलाफ हुई थी, अब देख सकते है कि इतिहास रिपीट हो रहा है. कांग्रेस पार्टी देश के लिए लड़ जाएगी, यह पार्टी तपस्वियों की पार्टी है न कि पुजारियों की.’
विदेश मंत्री भी निशाने पर
9- राहुल गांधी ने कहा कि ‘सावरकर की विचारधारा है कि अगर जो आपके सामने आपसे ताकतवर, मजबूत है उसके सामने सर झुका दो.’
10- उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान के मंत्री चीन से कह रहे हैं कि आपकी अर्थव्यवस्था हमसे बड़ी है, इसलिए हम आपके सामने नहीं खड़े हो सकते. इसको देश भक्ति कहते हैं क्या? यह कौन सी देशभक्ति है?
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने सुनाया बचपन का किस्सा, बोले- 7 साल की उम्र में घर छोड़ा, 52 साल से मेरे पास घर नहीं
