कॉकरोच जनता पार्टी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाली थी. प्रोटेस्ट से पहले ही सीजेपी के नेताओं अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया गया था. हिरासत में लेने के 24 घंटे बाद इन तीनों को मजिस्ट्रेट ने रिहा कर दिया है. रिहा होने के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है. उन्होंने अपने पोस्ट में पीएम मोदी पर निशाना साधा है.
अभिजीत दीपके ने लिखा, 'प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी भारत के लिए शर्मिंदगी का कारण हैं. इस देश ने कभी भी इतना बड़ा डरपोक और दादागीरी करने वाला व्यक्ति नहीं देखा.' अभिजीत दीपके के अलावा आशुतोष रांका ने भी हिरासत से आने के बाद पोस्ट शेयर किया है.
घर लौटे अभिजीत दीपके
अभिजीत दीपके की दादी सावित्रीबाई दीपके का निधन हो गया था. उनकी गैर-मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया है. दीपके ने पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने लिखा, दुख की इस घड़ी में अपने परिवार के साथ रहने के लिए मैं अपने गांव लौट रहा हूं. सौरव और आशु जल्द ही दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. CJP न तो पीछे हटेंगे और न ही डरेंगे. 10 अक्टूबर को इस तानाशाही के अंत की शुरुआत के तौर पर याद किया जाएगा.
''ज्ञानेश कुमार गद्दार हैं''आशुतोष रांका ने लिखा, ''ज्ञानेश कुमार गद्दार हैं. उन्हें इस्तीफ़ा देना होगा. ऐसे गद्दारों को हटाने के लिए मैं अपनी पूरी जिंदगी जेल में बिताने को भी तैयार हूं.'' इसके अलावा उन्होंने लिखा, ''नरेंद्र मोदी ने ही हमारे प्यारे देश की शांति भंग की है.''
मुझे किडनैप किया गया- ध्रुव राठी
सीजेपी के नेताओं के अलावा यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था. दिल्ली पुलिस ने ध्रुव को सुबह उनके घर से हिरासत में लिया था और देर रात छोड़ दिया है. रिहा होने के बाद ध्रुव ने एक वीडियो शेयर किया है. जिसमें उन्होंने कहा कि उन्हें हिरासत या गिरफ्तार नहीं किया था बल्कि किडनैप किया था. उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, मुझे गिरफ्तार या हिरासत में नहीं लिया गया था, मुझे किडनैप किया गया था. आपके समर्थन के लिए धन्यवाद, पूरी कहानी यह रही.
ये भी पढ़ें: ध्रुव राठी हिरासत से छूटे, CJP प्रोटेस्ट में जाएंगे तो एक्शन लेगी दिल्ली पुलिस
