नई दिल्ली: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हिमाचल प्रदेश शहरी निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत को ऐतिहासिक करार दिया. शाह ने कहा कि ये परिणाम राज्य की जनता के मूड के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास की राजनीति में जनता के विश्वास को दर्शाते हैं.
शाह ने पार्टी की जीत के लिए बीजेपी प्रदेश इकाई के प्रमुख सतपाल सिंह और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी.
शाह ने ट्वीट किया, शिमला नगर पालिका चुनाव में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत. मैं सतपाल सिंह और बीजेपी हिमाचल इकाई के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं.
एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा, बीजेपी पर विश्वास के लिए शिमला की जनता का आभार. परिणाम राज्य की जनता के मूड के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास की राजनीति में जनता के विश्वास को दर्शाते हैं. इन चुनाव में बीजेपी को 34 में से 17 सीटों पर जीत मिली है और बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर सामने आई है.
