टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी में एक रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हरीश रावत सरकार के साथ-साथ कांग्रेस पर भी निशाना साधा है. अमित शाह ने रेनकोट वाले बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव करते हुए कहा कि यूपीए शासनकाल में हुए घोटालों के लिए मनमोहन सिंह और कांग्रेस जिम्मेदार है.
पीएम मोदी ने क्या गलत कहा- शाह
अमित शाह ने कहा, ‘’कल पीएम मोदी जी ने कहा कि मनमोहन के शासनकाल में करोड़ों के घोटाले हुए तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है ? पीएम मोदी ने इसमें क्या गलत कहा.’’ उन्होंने मनमोहन पर निशाना साधते हुए कहा, ‘’कांग्रेस ने एक ऐसा पीएम दिया जिसकी आवाज राहुल बाबा और उनकी माता जी के अलावा किसी ने नहीं सुनी.’’
राहुल खून की दलाली वाला बयान भूल गए क्या- शाह
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा, ‘’राहुल बाबा ने सर्जिकल स्ट्राइक होने पर पीएम मोदी के लिए खून की दलाली का आरोप लगाया था, वह अपना बयान भूल गए?’’
शाह ने आगे कहा, ‘’ राहुल गांधी कहते फिरते हैं कि ढ़ाई साल में मोदी सरकार ने क्या किया है. मैं उनसे पूछता हूं कि ढ़ाई साल में उत्तराखंड की सरकार ने क्या किया है.’’ उन्होंने कहा, ‘’राहुल ये देश का नहीं उत्तराखंड का चुनाव है.’’
5 सालों में कांग्रेस ने उत्तराखंड को बदनाम किया- शाह
इस दौरान शाह ने उत्तराखंड की हरीश रावत सरकार पर भी जमकर निशाना साधा और कहा, ‘’पिछले पांच सालों में कांग्रेस ने देव भूमि उत्तराखंड को बदनाम करने का काम किया है. उन्होंने कहा, ‘’ये चुनाव देव भूमि उत्तराखंड का भाग्य बदलने का चुनाव है.’’
शाह ने हरीश रावत पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘’पीएम मोदी 12 हज़ार करोड़ का प्रोजेक्ट लगाने उत्तराखंड आये लेकिन हरीश रावत के मुहं से धन्यवाद का एक शब्द नहीं निकला.’’
बीजेपी की सरकार बनेगी तभी होगा विकास- शाह
शाह ने कहा, ‘’उत्तराखंड का विकास तभी हो सकता है जब यहां बीजेपी की दो तिहाई बहुत वाली सरकार बनेगी.’’ उन्होंने कहा, ‘’उत्तराखंड को एक ऐसी सरकार चाहिए जो मोदी जी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर उत्तराखंड को एक मॉडल स्टेट बनाने के लिए काम करे.’’
