नई दिल्ली: देश के अलग-अलग हिस्सों में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है. बिहार की राजधानी पटना में जन अधिकार पार्टी के नेता पप्पू यादव ने बेड़ियां पहनकर नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया.

आपको बता दें कि सीएए और एनआरसी के खिलाफ आज विपक्षी दलों द्वारा बिहार बंद का ऐलान किया गया है. इस दौरान गांधी सेतु पर बड़ा जाम देखने को मिला. वाहनों की कतारें जाम में फंसी रहीं और लोग परेशान दिखे.

पटना ही नहीं बल्कि बिहार के अन्य इलाकों में भी बंद का खासा असर देखने को मिला. विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने बिहार भर में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन किया.

इंडिया गेट के पास युवक ने खुद को लगाई आग, पुलिस का दावा- CAA से कुछ लेना-देना नहीं

देश भर में हो रहा है प्रदर्शन

कांग्रेस नेता हरीश रावत और रिपुन बोरा ने असम के गोहाटी में नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ विरोध में भाग लिया. वहीं दिल्ली में सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज सभी नागरिकों में डर है. मैं केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि वह इस कानून को लागू न करे और युवाओं को रोज़गार दे.

कर्नाटक में बेंगलुरु के टाउन हॉल में विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इतिहासकार और लेखक रामचंद्र गुहा को हिरासत में ले लिया है. दिल्ली में लाल किले पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हुए हैं.

मुख्तार अब्बास नकवी ने जामिया में पुलिसिया हिंसा की निंदा की, कहा- CAA पर झूठ फैलाया जा रहा है

यूपी में भी कई जगहों पर प्रदर्शन की खबरें हैं. लखनऊ के परिवर्तन चौक पर दोपहर में दो बजे प्रदर्शन के लिए अपील की गई है. इसके मद्देनजर मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है और पुलिस की मुस्तैदी देखने को मिल रही है.

किसी को डरने की जरूरत नहीं- नकवी

नकवी ने एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए कहा कि देश की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. तीन देशों के अल्पसंख्यकों के लिए नागरिकता संशोधन कानून लाया गया है. असम में जो प्रक्रिया चल रही है वो काफी पहले से चल रही है. ये कोई नई बात नहीं है. उन्होंने कहा कि एनआरसी ना तो पूरी देश में लागू है, ना फिलहाल होने की बात है. देश के मुसलमान इससे परेशान हों ऐसी कोई बात नहीं है. जो दुष्प्रचार किया जा रहा है ये एक सोची समझी साजिश लगता है.