लखनऊ: उत्तर प्रदेश की एटीएस टीम ने बांग्लादेश के आतंकवादी संगठन ‘अन्सारुल्ला बांग्ला टीम’ से जुड़े एक दहशतगर्द को मुजफ्फरनगर जिले से गिरफ्तार किया. एटीएस के इंस्पेक्टर जनरल असीम अरुण ने बताया कि दस्ते ने अब्दुल्ला अल मामून नामक व्यक्ति को आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में मुजफ्फरनगर जिले के कुटेसरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है.
शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि वो बांग्लादेश के प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ‘अन्सारुल्ला बांग्ला टीम’ से जुड़ा है. बताया जाता है कि ‘अन्सारुल्ला बांग्ला टीम’ कुख्यात आतंकवादी ओसामा बिन लादेन के संगठन ‘अलकायदा’ से प्रेरित है.
अरुण ने बताया कि बांग्लादेश के मोमिन शाही जिले के हुसनपुर गांव का रहने वाला अब्दुल्ला पिछले करीब एक महीने से मुजफ्फरनगर के कुटेसरा में रह रहा था. इससे पहले वह सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र में मौजूद अम्बेहटा शेख इलाके में रह रहा था. वहीं पर उसने फर्जी दस्तावेज के आधार पर अपना पासपोर्ट बनवाया था. उसके कब्जे से फर्जी आधार कार्ड, पासपोर्ट, चार मोहरें और 13 पहचान पत्र बरामद किए गए हैं.
अरुण के मुताबिक अब्दुल्ला ने शुरुआती पूछताछ में बताया है कि वो देवबंद में रहकर बांग्लादेश निवासी फैजान की मदद से आतंकवादियों, खासकर बांग्लादेशी आतंकवादियों को फर्जी पहचान-पत्र तैयार करा कर भारत में सुरक्षित रूप से रहने में मदद कर रहा था. उन्होंने बताया कि फैजान की तलाश की जा रही है. इस मामले में तीन और लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है.
