नई दिल्ली: कांग्रेस ने हरियाणा में कुमारी शैलजा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा को अहम जिम्मेदारियां देने के बाद मंगलवार को प्रदेश चुनाव समिति और चुनाव प्रचार समिति का गठन किया है. इसमें राज्य से जुड़े लगभग सभी प्रमुख नेताओं को जगह दी गयी है. पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हरियाणा के लिए 28 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति और 46 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है.

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा को प्रदेश चुनाव समिति का प्रमुख बनाया गया है. राज्य के पूर्व मंत्री अजय सिंह यादव चुनाव प्रचार समिति का नेतृत्व करेंगे. पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर और कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला दोनों समितियों में शामिल हैं.

गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले कांग्रेस ने अपनी राज्य इकाई के नेताओं की आपसी कलह को दूर करने का प्रयास करते हुए गत बुधवार को कुमारी शैलजा को प्रदेश अध्यक्ष और हुड्डा को विधायक दल का नेता और चुनाव प्रबंधन समिति का प्रमुख नियुक्त किया. हरियाणा में अक्टूबर के आखिर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है.

यह भी पढ़ें-

 दिल्ली: महाराष्ट्र चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुरू की तैयारी, स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आज

Apple Event: iPhone 11, 11 Pro, 11 Pro Max लॉन्च, जानिए इस फोन की कीमत और खासियतें