नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कल एक महिला ने बाइक पर आए चैन स्नैचर्स को जमकर खदेड़ा. दिल्ली के झिलमिल कॉलोनी इलाके में बुधवार दोपहर दो बजे महिला से बाइक सवार दो बदमाश चैन स्नैच करने लगे. लेकिन महिला ने लूटेरों का पूरी हिम्मत के साथ सामना किया. महिला की बहादुरी को देखते हुए पुलिस ने उन्हें सम्मानित भी किया है.
दरअसल 54 साल की संतोष कुमारी नाम की ये महिला एमटीएनएल में काम करती हैं. घर लौटते वक्त जब वो सामान खरीद रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उनसे चैन स्नैच करने लगे. महिला ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का सामना किया. महिला ने पीछे वाले बदमाश का कॉलर पकड़ लिया और चैन स्नैच होने से बचा ली.
महिला का कहना है कि आसपास के लोगों ने बदमाशों को पकड़ने के लिए कोई मदद नहीं की, इसलिए वो फरार हो गए. हालांकि लूटेरे मौके पर अपनी बाइक छोड़ गए हैं. जांच में पता चला कि इन बदमाशों ने ये बाइक बुधवार सुबह ही जगतपुरी इलाके से चुराई थी. फ़िलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
