How To Clean Ceiling Fan: दीवाली की सफाई शुरू होते ही घर के फर्श, खिड़कियां, पर्दे और फर्नीचर तो साफ कर लिए जाते हैं, लेकिन अक्सर छत के पंखे नजरअंदाज हो जाते हैं. ऊपर लगे होने की वजह से पंखों पर जमा धूल आसानी से दिखाई नहीं देती. लेकिन जैसे ही पंखा चलता है, ब्लेड पर जमी धूल कमरे में वापस फैल सकती है. ऐसे में दीवाली से पहले पंखों की सफाई करना भी जरूरी है.

Continues below advertisement

पंखे साफ करने का नाम सुनते ही कई लोगों को लगता है कि ब्लेड खोलने पड़ेंगे और पूरे घर में धूल फैल जाएगी. लेकिन ऐसा करने की जरूरत नहीं है. एक आसान तरीका है, जिससे पंखे के ब्लेड पर जमा धूल को बिना नीचे गिराए साफ किया जा सकता है. इसके लिए घर में रखा पुराना तकिए का कवर यानी पिलोकेस काम आ सकता है. सारे ब्लेड साफ होने के बाद पिलोकेस को बाहर ले जाकर उल्टा करें और उसमें जमा धूल को कूड़ेदान में डाल दें. इस तरीके से फर्नीचर और फर्श पर धूल फैलने की परेशानी काफी कम हो सकती है.

जमी हुई गंदगी के लिए करें ये काम

Continues below advertisement

कई बार पंखे के ब्लेड पर सिर्फ धूल नहीं होती. खासकर रसोई के आसपास लगे पंखों पर धूल के साथ चिकनाई की परत भी जम सकती है. ऐसे में सिर्फ सूखे कपड़े या पिलोकेस से सफाई करने से पूरी गंदगी नहीं निकलती. पहले ब्लेड से सूखी धूल हटा लें. इसके बाद हल्के गीले कपड़े पर सामान्य क्लीनर लगाकर ब्लेड को साफ किया जा सकता है. ध्यान रखें कि क्लीनर को सीधे पंखे पर स्प्रे न करें. किसी भी तरह का लिक्विड पंखे के इलेक्ट्रिकल हिस्सों तक पहुंच सकता है.

सफाई के बाद पंखे के ब्लेड को पूरी तरह सूखने दें. गीली सतह पर धूल जल्दी चिपक सकती है, इसलिए पंखा तुरंत चलाने से बचें. अगर ब्लेड पर ज्यादा चिकनाई जमी है तो पिलोकेस के अंदर वाले हिस्से को हल्का गीला करके भी सफाई की जा सकती है.

सफाई करते समय इन गलतियों से बचें

पंखे की सफाई आसान है, लेकिन जल्दबाजी में की गई कुछ गलतियां पंखे को नुकसान पहुंचा सकती हैं. सबसे पहले पंखा बंद करके उसके ब्लेड पूरी तरह रुकने का इंतजार करें. सफाई के दौरान बहुत ज्यादा पानी का इस्तेमाल न करें. ब्लेड को साफ करते समय बहुत ज्यादा दबाव भी न डालें. ज्यादा जोर लगाने से ब्लेड मुड़ सकते हैं और उनका बैलेंस बिगड़ सकता है. इसलिए सफाई हमेशा हल्के हाथ से करें.

दीवाली से पहले कितनी बार करें सफाई?

पंखे को कितनी बार साफ करना चाहिए, इसका कोई एक नियम नहीं है. अगर ब्लेड पर धूल दिखाई देने लगे तो सफाई कर देनी चाहिए. सामान्य तौर पर महीने में एक बार पंखे की सफाई करने से धूल ज्यादा जमा नहीं होती और बाद में सफाई करना भी आसान रहता है. जिन घरों में पालतू जानवर हैं, खिड़कियां ज्यादा खुली रहती हैं या आसपास निर्माण कार्य चल रहा है, वहां पंखों पर धूल जल्दी जमा हो सकती है. ऐसे घरों में जरूरत के हिसाब से पंखे ज्यादा बार साफ करने पड़ सकते हैं.

इसे भी पढ़ें- Needle Threading Trick: सुई के छेद में नहीं जा रहा धागा? काम आएंगे ये 4 आसान हैक्स

सफाई के बाद भी पंखा हिले तो ध्यान दें

अगर सफाई करने के बाद भी पंखा हिल रहा है, अजीब आवाज कर रहा है या पहले की तुलना में कम हवा दे रहा है, तो इसकी वजह सिर्फ धूल नहीं हो सकती. ढीले ब्लेड, खराब बेयरिंग या मोटर से जुड़ी समस्या भी इसकी वजह हो सकती है. ऐसी स्थिति में पंखे की फिटिंग और दूसरे हिस्सों की जांच कराएं और मैकेनिकल समस्या होने पर एक्सपर्ट की मदद लें.

इसे भी पढ़ें - Silver Cleaning Tips: काले पड़ गए चांदी के बर्तन? घर पर ही ऐसे लौटेगी चमक