घर की सफाई करने के बाद भी अगर फर्श पर धूल और गंदगी जल्दी दिखाई देने लगती है तो इसकी एक वजह टाइल्स का रंग भी होता है. कई बार हल्के या बहुत गहरे रंग की टाइल्स पर धूल साफ नजर आती है. ऐसे में अगर आप घर बनवा रहे हैं या पुरानी टाइल्स बदलने की सोच रहे हैं, तो सही रंग चुनना जरूरी है. कुछ रंग ऐसे हैं, जिन पर धूल और पैरों के निशान कम दिखाई देते हैं. इससे फर्श लंबे समय तक साफ दिखता है और बार-बार सफाई करने की परेशानी भी कम होती है.

Continues below advertisement

 ग्रे रंग दिखेगा साफ-सुथरा

घर के फर्श के लिए ग्रे रंग की टाइल्स एक अच्छा विकल्प हैं. खासकर मीडियम ग्रे रंग पर हल्की धूल और पैरों के निशान सफेद या बहुत गहरे रंग की टाइल्स के मुकाबले कम नजर आते हैं. इस रंग की टाइल्स घर को मॉडर्न लुक भी देती हैं. आप चाहें तो लिविंग रूम, बेडरूम और हॉल में इनका इस्तेमाल कर सकते हैं. ग्रे टाइल्स के साथ सफेद दीवारें और लकड़ी के रंग का फर्नीचर भी अच्छा लगता है.

यह भी पढ़ें : Gas Stove Safety: गैस पर उफन गया है दूध या पानी? तुरंत चूल्हा जलाने की न करें भूल

Continues below advertisement

बेज और हल्के भूरे रंग 

अगर आप घर को हल्का और खुला हुआ लुक देना चाहते हैं, तो बेज या हल्के भूरे रंग की टाइल्स चुन सकते हैं. इन रंगों पर सामान्य धूल और मिट्टी कम अलग दिखाई देती है, क्योंकि इनका रंग धूल के रंग से काफी मिलता-जुलता होता है. खासकर उन घरों में ये टाइल्स काम की हैं, जहां बाहर से मिट्टी या धूल आने की परेशानी रहती है. इनका इस्तेमाल ड्राइंग रूम, बेडरूम और घर के दूसरे हिस्सों में किया जा सकता है.

डिजाइन वाली टाइल्स 

अगर आप चाहते हैं कि फर्श पर धूल और छोटे-मोटे निशान जल्दी नजर न आएं, तो एक ही रंग की जगह हल्की डिजाइन या पैटर्न वाली टाइल्स चुन सकते हैं. हल्के और गहरे रंगों के मिले-जुले डिजाइन पर धूल आसानी से अलग दिखाई नहीं देती. मार्बल पैटर्न या हल्की दानेदार डिजाइन वाली टाइल्स भी अच्छा विकल्प हैं. इनसे फर्श को खूबसूरत लुक मिलता है और रोजमर्रा के छोटे-मोटे निशान कम नजर आते हैं.

इन बातों का रखें ध्यान

टाइल्स खरीदते समय सिर्फ रंग ही नहीं, बल्कि उनकी सतह पर भी ध्यान दें. बहुत ज्यादा चमकदार टाइल्स पर पैरों के निशान और धूल साफ दिखतें है. वहीं, मैट फिनिश वाली टाइल्स पर ये निशान कम नजर आते हैं. फर्श के लिए ऐसी टाइल्स चुनें, जिन पर फिसलने का खतरा कम हो और जिन्हें साफ करना आसान हो. ध्यान रखें कि कोई भी रंग धूल को पूरी तरह छिपा नहीं सकता. इसलिए फर्श को साफ रखना और समय-समय पर सफाई करना जरूरी है.

यह भी पढ़ें :खिड़की की मच्छर वाली जाली में धूल जम गई? बिना खराब किए ऐसे होगी साफ