Dengue Cases: दिल्ली समेत देश के कई स्टेट में डेंगू के केसेज लगातार बढ़ रहे हैं. सितंबर में डेंगू अधिक तेजी से नहीं फैला था, लेकिन अक्टूबर में बहुत अधिक डेंगू के केस सामने आए हैं. डेंगू मरीज अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करवा रहे हैं. प्लेटलेट्स कम होने पर काफी मरीजों को ब्लड चढ़वाने की जरूरत तक पड़ी है. लेकिन इस साल डेंगू ने कुछ अलग तरह से लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है. इस साल डेंगू युवाओं के लिवर को ही नुकसान पहुंचा रहा है. अस्पताल में आ रहे युवा पेशेंट और उनके लक्षणों को देखकर खुद डॉक्टर चिंतित हैं.
Liver में आ रही दिक्कत
दिल्ली में डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया है कि 20-40 वर्ष के बीच के डेंगू के मरीजों में लिवर संबंधित दिक्कत आ रही हैं. एक अस्पताल में हर दिन छह से 10 मरीज भर्ती हो रहे हैं. भविष्य में यही दिक्कत क्रोनिक हेपेटाइटिस या हैजांगाइटिस (पित्त नली में सूजन) के रूप में डेवलप हो सकती है.
क्यों आ रही दिक्कत
डॉक्टरों का कहना है कि जांच करने पर लग रहा है कि यह एक अनियंत्रित इम्यून सिस्टम की वजह से हो सकता है. अनियंत्रित इम्यून सिस्टम संबंधी दिक्कत तभी होती है, जब बॉडी अपनी प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को नियंत्रित करने में फेल होती है. डॉक्टरों का कहना है कि बॉडी बाहरी आक्रमणकारियों के प्रति रिएक्ट कम करती है तो इससे इन्फेक्शन तेजी से फैल सकता है या ऐसा भी हो सकता है कि प्रतिक्रिया अधिक होने के कारण इम्यून सिस्टम स्वस्थ कोशिकाओं, ऊतकों और अंगों पर हमला करना शुरू कर देता है.
दिल्ली में 900 से अधिक मामले
दिल्ली में डेंगू का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है. यहां अक्टूबर में 900 से अधिक मामले सामने आए हैं. कुल डेंगू केसों की संख्या 1,876 हो गई है. पिछले साल, शहर में 9,613 डेंगू के मामले दर्ज किए गए. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 2020 में 1,072, 2019 में 2,036, 2018 में 2,798, 2017 में 4,726 और 2016 में 4,431 मामले दर्ज किए गए हैं.
Disclaimer: इस आर्टिकल में बताई विधि और तरीकों को केवल सुझाव के रूप में लें. किसी भी उपचार/दवा/डाइट और सुझाव पर अमल करने से पहले डॉक्टर या संबंधित एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें.