Monsoon Word Origin: देश भर में मानसून की शुरुआत हो चुकी है और इसी मानसून की बारिश ने मुंबई से लेकर दिल्ली तक अफरा-तफरी मचा रखी है. मौसम विभाग भी मानसून को लेकर कई राज्यों में अलर्ट पर दिखा और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है. हालांकि कई बार जहां मानसून मुसीबत साथ लेकर आता है, तो दूसरी ओर यह गर्मी से राहत देने के साथ-साथ खेत-खलियानों में नई जान डाल देता है और प्रकृति को हरियाली से भर देता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस मानसून शब्द का इस्तेमाल हम हमेशा करते रहते हैं, यह शब्द आखिर आया कहां से हैं और इसका असली मतलब क्या है. अगर नहीं तो चलिए आज हम आपको बताते हैं मानसून शब्द कहां से आया है और किसने पहली बार इसका इस्तेमाल किया था.
अरबी भाषा से निकला है मानसून शब्द
मानसून शब्द की जड़ें अरबी भाषा से मिलती है. यह अरबी शब्द मौसिम से बना है, जिसका अर्थ मौसम या साल का एक निश्चित समय होता है. सदियों पहले अरब के नाविक और व्यापार समुद्र के रास्ते पूर्वी अफ्रीका और भारतीय उपमहाद्वीप के बीच व्यापार करते थे. उस समय वे समुद्र में चलने वाली मौसमी हवाओं की दिशाओं के आधार पर अपनी यात्रा तय करते थे. इन्हीं मौसमी हवाओं के लिए मौसिम शब्द का इस्तेमाल किया जाता था.
ये भी पढ़ें-Largest Temple Bell: देश के किस मंदिर में लगा है सबसे बड़ा घंटा, कितने किलोमीटर तक गूंजती है इसकी आवाज?
पुर्तगालियों के जरिए दुनिया तक पहुंचा यह शब्द
15वीं और 16वीं शताब्दी में जब पुर्तगाली व्यापारी हिंद महासागर क्षेत्र में पहुंचे तो उन्होंने अरबी शब्द मौसिम को अपने उच्चारण के अनुसार मोनसाहो कहना शुरू कर दिया. बाद में यही शब्द अंग्रेजी में मानसून बन गया. धीरे-धीरे मौसम विभाग ने भी इस शब्द को स्वीकार कर लिया और आज पूरी दुनिया मौसमी हवाओं और उनसे जुड़ी वर्षा प्रणाली के लिए मानसून शब्द का इस्तेमाल करते हैं.
क्या सिर्फ बारिश का नाम है मानसून?
कई लोग अक्सर मानसून का मतलब केवल बारिश समझ लेते हैं, लेकिन मौसम विभाग में इसका अर्थ इससे कहीं ज्यादा व्यापक है. वैज्ञानिकों के अनुसार जब गर्मी के मौसम के बाद हवाओं की दिशा में मौसमी बदलाव होता है, तो उसे मानसून कहा जाता है. समुद्र और जमीन के तापमान में अंतर के कारण हवाएं अपना रूप बदलती है. समुद्र से आने वाली इन हवाओं में नमी होती है, जो आगे बढ़कर बारिश कराती है. यानी मानसून का शब्द केवल वर्षा से नहीं बल्कि मौसमी पवन प्रणाली से हैं.
ये भी पढ़ें-Hindu Temples in Indonesia: जिस मुस्लिम देश की यात्रा पर गए पीएम मोदी, उस इंडोनेशिया में कितने हैं मंदिर?
