क्या आपने कभी सोचा है कि आप दिल्ली से अपनी कार लेकर निकलें और हजारों किलोमीटर का सफर तय करते हुए अमेरिका पहुंच जाएं? सुनने में यह किसी फिल्म की कहानी जैसा लग सकता है, लेकिन ऐसे सफर का प्लान बनाने से पहले इसकी असल चुनौतियों को समझना जरूरी है. भारत से अमेरिका तक लगातार सड़क मार्ग से जाना फिलहाल संभव नहीं है, क्योंकि दोनों महाद्वीपों के बीच समुद्र है और उन्हें जोड़ने वाला कोई सड़क पुल या नियमित वाहन फेरी उपलब्ध नहीं है. हालांकि, कार को कुछ हिस्सों में चलाकर और समुद्री रास्ते से भेजकर इस तरह की यात्रा की योजना बनाई जा सकती है.
अगर आप दिल्ली से अमेरिका तक अपनी कार ले जाने का विचार कर रहे हैं, तो आपको कई देशों के वीजा, सीमा पार करने की अनुमति, वाहन के दस्तावेज और शिपिंग की व्यवस्था करनी होगी. इसके अलावा, अमेरिका में भारतीय कार को आयात करने और रजिस्टर कराने के नियम भी समझने होंगे. इसलिए यह सामान्य रोड ट्रिप के बजाय एक कठीन अंतरराष्ट्रीय यात्रा होगी.
दिल्ली से अमेरिका तक का रास्ता
भारत से पश्चिम की ओर पाकिस्तान, ईरान, तुर्किये और यूरोप तक सड़क मार्ग से जाने के बारे में विचार किया जा सकता है. इसके बाद यूरोप के किसी बंदरगाह से कार को समुद्री जहाज के जरिए अमेरिका भेजा जा सकता है. लेकिन इस रास्ते को वास्तविक यात्रा योजना मानने से पहले संबंधित देशों की मौजूदा सीमा व्यवस्था, सुरक्षा स्थिति और वीजा नियमों की जानकारी होना भी बेहद जरूरी है. दूसरा विकल्प रूस के रास्ते पूर्वी एशिया से होते हुए अलास्का पहुंचने का है. हालांकि रूस और अलास्का के बीच बेरिंग स्ट्रेट है, जहां कोई सड़क पुल या नियमित वाहन फेरी नहीं है. इसलिए यहां भी कार को किसी विशेष समुद्री परिवहन व्यवस्था के बिना आगे ले जाना संभव नहीं है.
कोई तय यात्रा समय नहीं
इस यात्रा की कोई तय अवधि बताना मुश्किल है. समय इस बात पर निर्भर करेगा कि आप किन देशों से गुजरते हैं, कितनी देर ड्राइविंग करते हैं, सीमा पर कितना समय लगता है और कार को जहाज से भेजने में कितने दिन लगते हैं. समुद्री रास्ते से कार भेजने में ही कई सप्ताह लग सकते हैं. इसके अलावा, बंदरगाह पर दस्तावेजों की जांच, कस्टम क्लीयरेंस और अमेरिका में कार की डिलीवरी के लिए अतिरिक्त समय रखना होगा. इसलिए इसे कुछ दिनों में पूरा होने वाली यात्रा नहीं माना जा सकता.
यह भी पढ़ें: E100 फ्यूल से कितनी बच जाएगी विदेशी मुद्रा, अभी इस पर कितना खर्च?
लाखों का हो सकता है खर्चा
दिल्ली से अमेरिका तक कार ले जाने का खर्च आपके रास्ते, कार के आकार, शिपिंग के तरीके और यात्रा की अवधि पर निर्भर करेगा. इसमें केवल पेट्रोल या डीजल का खर्च शामिल नहीं होगा, बल्कि कई दूसरे खर्च भी जुड़ेंगे. भारत से यूरोप तक सड़क यात्रा में ईंधन, टोल, पार्किंग और वाहन की नियमित सर्विस पर खर्च होगा. अलग-अलग देशों में ईंधन की कीमतें भी अलग होती हैं. रास्ते में आने वाले देशों के वीजा, वाहन प्रवेश परमिट, बीमा और सीमा शुल्क से जुड़े खर्च अलग-अलग होंगे. भारत से अमेरिका तक कार को समुद्री जहाज से भेजने की लागत करीब 1.5 लाख से 4 लाख रुपये या इससे अधिक हो सकती है. इसमें हर स्थिति में कस्टम ड्यूटी, पोर्ट शुल्क और अंतिम डिलीवरी शामिल नहीं होते. इसके बाद अमेरिकी नियमों के अनुसार कार को आयात करने की पात्रता जांचना जरूरी है. इन सभी खर्चों को जोड़ने पर कुल बजट काफी बढ़ सकता है.
जरूरी दस्तावेज की होगी जरूरत
ऐसी यात्रा के लिए आम तौर पर पासपोर्ट, संबंधित देशों के वीजा, ड्राइविंग लाइसेंस, अंतरराष्ट्रीय ड्राइविंग परमिट जहां आवश्यक हो, कार का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, वाहन बीमा और सीमा पार करने से जुड़े दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है. समुद्री शिपिंग के लिए निर्यात और कस्टम संबंधी कागजात भी तैयार करने होंगे. अमेरिका में कार आयात करने के लिए सुरक्षा संबंधी नियमों की जांच विशेष रूप से जरूरी है.
यह भी पढ़ें: वियतनाम में कितने हो जाते हैं भारत के 1000 रुपये, यहां क्या-क्या खरीद सकते हैं?
