जब Dil Chahta Hai में काम करने से पहले कन्फ्यूजन में थे Saif Ali Khan, तब Amrita Singh ने बढ़ाया था हौसला!
एबीपी न्यूज़ | 20 Sep 2021 11:26 PM (IST)
फिल्म ‘दिल चाहता है’ (Dil Chahta Hai) करने से पहले सैफ अली खान (Saif Ali Khan) अपने रोल और इस फिल्म को लेकर कन्फ्यूजन में थे. उस दौरान वो अमृता सिंह ही थीं जिन्होंने सैफ का हौसला बढ़ाया था.
सैफ अली खान, अमृता सिंह
Dil Chahta Hai: बात आज सैफ अली खान (Saif Ali Khan) और अमृता सिंह (Amrita Singh) की, जो आज भले ही साथ नहीं हैं लेकिन इनसे जुड़ी ढ़ेरों बातें आज भी सुनी और सुनाई जाती हैं. ऐसा ही एक किस्सा आज हम आपको बताने जा रहे हैं. यह किस्सा फिल्म ‘दिल चाहता है’ (Dil Chahta Hai) से जुड़ा हुआ है जो अपने समय की सुपर-डुपर हिट फिल्म थी. किस्सा कुछ यूं है कि फिल्म ‘दिल चाहता है’ करने से पहले सैफ अपने रोल और इस फिल्म को लेकर कन्फ्यूजन में थे. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उस दौरान वो अमृता सिंह ही थीं जिन्होंने ना सिर्फ सैफ का हौसला बढ़ाया बल्कि यह फिल्म करने के लिए उन्हें राज़ी भी किया था.
फिल्म में सैफ ने समीर का किरदार निभाया था. वह इस किरदार को कैसे निभाएं ये उन्हें समझ नहीं आ रहा था. उन्होंने आमिर से भी सलाह मांगी लेकिन तब अमृता ने उन्हें समझाया कि किरदार उन्हें निभाना है तो दूसरा उन्हें क्यों बताए, वो खुद इसपर ध्यान दें और अपने हिसाब से किरदार को निभाएं. सैफ ने ऐसा ही किया.
आपको बता दें कि यह फिल्म सैफ के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सैफ अली खान उम्र में अमृता से 13 साल छोटे थे और इन दोनों की शादी साल 1991 में हुई थी. शादी के समय अमृता सिंह जहां बॉलीवुड की स्थापित एक्ट्रेस थीं वहीं सैफ अली खान ने तब फिल्मों में डेब्यू तक नहीं किया था. सैफ ने साल 1993 में फिल्म ‘परंपरा’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. ख़बरों की मानें तो शादी के कुछ सालों बाद ही सैफ अली खान और अमृता सिंह के बीच अनबन होना शुरू हो गई थी और साल 2004 यानी शादी के ठीक 13 सालों बाद यह जोड़ी हमेशा-हमेशा के लिए अलग हो गई थी.
सैफ, अमृता से दूर भले ही हो चुके थे लेकिन कहते हैं कि अक्सर पब्लिक फोरम पर एक्टर ने अपनी एक्स वाइफ की तारीफ की है. सैफ ने महज 20 साल की उम्र में अमृता से शादी कर ली थी और उस समय एक्टर में काफी बचपना था. खुद सैफ की मानें तो वो अमृता ही थीं जिन्होंने उन्हें काम, फैमिली और रिश्तों की गंभीरता के बारे में बताया था. आपको बता दें कि फिलहाल सैफ अपनी वाइफ करीना और दोनों बच्चों तैमूर और जहांगीर के साथ वेकेशन पर गए हुए हैं.