टीवी के मशहूर रिएलिटी शो 'बिग बॉस' सीजन 12 की धमाकेदार अंदाज में शुरुआत हुई है. सीजन के पहले दिन ही कंटेस्टेंट के बीच जहां-जहां मजाक में हुई बहस लड़ाई में बदल गई, तो वहीं चैनल की ओर से जारी किए गए दूसरे दिन के प्रोमो में जबरदस्त हंगामा होता हुआ दिखाई दे रहा है.

दरअसल बिग बॉस ने घरवालों को पहले दिन 'बीबी प्रेस कांफ्रेंस' टास्क दिया था. बिग बॉस ने टास्क देते हुए साफ कर दिया था कि इसका असर नॉमिनेशन प्रक्रिया और कैंप्टेंसी टास्क के साथ लग्जरी बजट पर भी पड़ेगा. इस टास्क में सिंगल कंटेस्टेंट को जोड़ियों से सवाल करने का काम दिया गया था. लेकिन श्रीसंत, सौरभ और शिवाषीश की जोड़ी से सवाल पूछने में कामयाब नहीं हो पाते. घरवालों के कहने के बावजूद श्रीसंत इस टास्क को अधूरा छोड़ देते हैं, जिससे नाराज होकर बिग बॉस इस टास्क को कैंसिंल कर देंगे.

'बीबी प्रेस कांफ्रेंस' टास्क के कैंसिंल होने की वजह से अब घरवालों को लग्जरी बजट नहीं मिलेगा. अब प्रोमो में दिखाया गया है कि सभी घरवाले श्रीसंत को टास्क कैंसिंल होने का जिम्मेदार ठहराएंगे. घरवालों की बातें सुनकर श्रीसंत काफी गुस्सा होने वाले हैं. इतना ही नहीं प्रोमो में दिखाया गया है कि श्रीसंत ने माइक फेंककर घर से बाहर जाने का ही फैसला कर लिया है.

बिग बॉस की ओर से जारी किए गए प्रोमो से साफ है कि आज घर में जबरदस्त हंगामा होने वाला है. बिग बॉस से जुड़ी हुई हर अपडेट पाने के लिए बने रहिए abpnews.in के साथ.