टीवी एक्ट्रेस शफक नाज किसी ना किसी वजह से चर्चा में रहती हैं. वो एक्टिंग के साथ ही बेबाकी के लिए भी जानी जाती हैं. ट्रोल्स हों या फिर कोई मुद्दा ही क्यों ना हो वो अपनी तीखी प्रतिक्रिया जरूर देती हैं. ऐसे में अब उन्होंने ट्रोल्स की क्लास लगाई है. उन्होंने उन लोगों को मुंहतोड़ जवाब दिया है, जिन्होंने सिंदूर लगाने से उनकी मुस्लिम पहचान पर सवाल उठाए. एक्ट्रेस ने कहा कि वो आगे ईद, दिवाली, होली और सभी त्योहारों को मनाती रहेंगी.

Continues below advertisement

दरअसल, शफक नाज ने करवा चौथ के मौके पर पति के साथ रोमांटिक तस्वीरें शेयर की थी, जिसमें उन्हें श्रृंगार किए हुए देखा गया था. फोटोज में उन्होंने मांग में सिंदूर, हाथ में चूड़ा और महावर भी लगाया था. इसमें वो धर्म से परे बला की खूबसूरत लग रही थीं. इन तस्वीरों के सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद ट्रोल्स ने उन्हें आड़े हाथों ले लिया, जिसके बाद एक्ट्रेस भी खुद को रोक नहीं पाईं और उन्होंने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर जवाब दिया. चलिए बताते हैं शफक नाज ने क्या कहा.

'सिंदूर लगाने से कैसे धर्म बदल जाता है?'

Continues below advertisement

शफक नाज ने लाइव वीडियो में ट्रोल्स को जवाब देते हुए कहा, 'हाल ही में मैंने अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट की थी, जो कि करवा चौथ सेलिब्रेशन की थी. इसमें मैंने सिंदूर लगाया था, रेड साड़ी पहनी थी और फिर अचानक मैं क्या देखती हूं कि बहुत सारे लोग मुझे ट्रोल करने लगे. कमेंट सेक्शन में गालियां लिखी गई थीं. अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था. मैं पूछती हूं कि अगर आप सिंदूर लगा लेते हो आपका धर्म बदल जाता है और मेरा धर्म कनवर्ट हो चुका है क्योंकि मैंने सिंदूर लगाया है.'

वो आगे कहती हैं, 'पहले तो मैं ये साफ कर देना चाहती हूं कि जिनको नहीं पता है, जितने भी समझदार लोग है और उनको जानकारी नहीं है. मैं जानकारी दे देना चाहती हूं कि मेरे पति का नाम जीशान है और वो मुस्लिम हैं. दूसरी बात ये है कि सिंदूर लगाने से कैसे धर्म बदल जाता है? मतलब आपका धर्म इतना हल्का है अगर आप एक कल्चर का कुछ सेलिब्रेट कर रहे हो, अगर आप कोई फेस्टिवल सेलिब्रेट कर रहे हो तो आप आपका धर्म हिल चुका है पूरी तरीके से. ये क्या लॉजिक है?'

मैं होली, दिवाली सब मनाती हूं- शफक नाज

शफक कहती हैं, 'हम इंडिया में रहते हैं और हम यहां पर हर तरह के लोगों के साथ रहते हैं. हर कल्चर है यहां और यही इंडिया की खूबसूरती है. क्योंकि यहां बहुत सारे कल्चर हैं और कैसे कुछ सेलिब्रेट किया जा रहा है? कुछ फेस्टिवल. इससे कैसे आपका धर्म हिल सकता है. मैं इतने सालों से हर त्योहार मनाते आई हैं. वो होली, दिवाली, रक्षाबंधन कुछ भी हो. इतने ब्यूटीफुल त्योहार हैं. आप क्यों इसे सेलिब्रेट नहीं कर रहे हैं? मैंने तो कभी छुपाया नहीं. फिर अचानक से क्यों इतना इनटॉलरेंस क्यों? इतना गालियां दे रहे हो? मेरे पति को गालियां दे रहे हो क्यों? अगर इतनी समस्या है तो कहीं और जाकर रहो इंडिया में क्यों हो? ये दिल तोड़ देने वाला है कि हम दूसरे धर्म की इज्जत करना भूल चुके हैं.'

धर्म बहुत पर्सनल चीज है- शफक नाज

इसके साथ ही अपने वीडियो में शफक नाज ने दूसरे धर्म की इज्जत करने की सलाह दी है और कहा, 'मेरे सिंदूर लगाने से मेरा धर्म बदल जाएगा. मेरा धर्म इतना हल्का नहीं है कि बिक जाएगा. ये मेरा विश्वास है. आपको मैं फोर्स नहीं कर रही. आपकी जिंदगी है जो करना है करिए. लेकिन आप मुझे नहीं बता सकते हो. कि मुझे क्या करना है क्या नहीं. धर्म बहुत पर्सनल चीज है और ये एक विश्वास है. आप किसी को जज नहीं कर सकते हो ना ही फोर्स कर सकते हो. आपको मेरी चीजें नहीं पसंद आ रहीं तो आप मुझे मत करो फॉलो. छोड़ दो मुझे.'

बहरहाल, अगर शफक नाज के बारे में बात की जाए तो उन्हें 'महाभारत' में कुंती के किरदार के लिए जाना जाता है. वहीं, श्रीकृष्ण टीवी शो में उन्हें देवकी के रोल में भी देखा गया है, जिससे उन्हें घर-घर में पहचान मिली है. 'चिड़िया घर' और 'बिग बॉस' में भी शफक काम कर चुकी हैं.