'सेक्रेड गेम्स 2' से पहले फैंस को Netflix का तोहफा, लेकर आए199 रुपए का खास प्लान
एजेंसी | 24 Jul 2019 04:15 PM (IST)
वीडियो स्ट्रीमिंग एप नेटफ्लिक्स अब भारतीयों के लिए सस्ता प्लान लेकर आई है. इस प्लान में आप केवल 199 रुपए में नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज और फिल्में देख सकेंगे. लेकिन ये ऑफर सिर्फ मोबाईल वर्जन के लिए है.
प्रीमियम वीडियो स्ट्रीमिंग कंपनी नेटफ्लिक्स ने अमेजन प्राइम वीडियोज और अन्य स्थानीय खिलाड़ियों से मिल रहे कॉम्पिटिशन के बीच भारतीय यूर्जस को लुभाने को 199 रुपये का ‘मोबाइल ओनली’ प्लान पेश किया है. वीडियो सामग्री उपलब्ध कराने वाली नेटफ्लिक्स पिछले कई माह से भारत में मोबाइल ओनली प्लान का लॉन्च कर रही है. कंपनी ने अपने तीन मौजूदा प्लान को भी पुनर्गठित किया है. नेटफ्लिक्स के निदेशक (उत्पाद नवोन्मेषण) अजय अरोड़ा ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि भारतीय अपना 30 प्रतिशत समय मनोरंजन पर खर्च करते है. दुनिया के अन्य देशों की तुलना में भारत में ज्यादा लोग मोबाइल फोन पर सामग्री देखते हैं. उन्होंने कहा कि दुनिया के अन्य किसी देश की तुलना में भारत में मोबाइल फोन पर नेटफ्लिक्स सेवा लेने वालों की संख्या अधिक है. उन्होंने कहा कि 199 रुपये का मासिक प्लान भारत के लिए बनाया गया है. अरोड़ा ने कहा कि कंपनी ने कुछ अन्य बाजारों में इसी तरह के मोबाइल ओनली प्लान का परीक्षण किया है. लेकिन इसे अभी सिर्फ भारत में पेश करने की घोषणा की गई है.