नई दिल्ली: बिग बॉस के मेकर्स ने हाल ही में एलान किया था कि वो इस शो को पांच हफ्ते के लिए बढ़ा रहे हैं. हाल ही में वीकेंड का वार के दौरान शो के होस्ट सलमान खान ने भी इस बात को कंफर्म कर दिया था कि बिग बॉस सीज़न 13 को पांच हफ्ते के लिए बढ़ाया जा रहा है. अब इस बीच खबर आ रही है कि सलमान इस शो को बीच मजधार में ही छोड़ कर जा सकते हैं.
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि शो की अवधि बढ़ाए जाने की वजह से सलमान इसे बीच में ही छोड़ देंगे. रिपोर्ट्स में ये भी कहा जा रहा है कि सलमान के बाद इसमें होस्ट के तौर पर फराह खान नज़र आ सकती हैं.
दरअसल बिग बॉस के घर के अंदर की अहम जानकारियों को सामने लाना वाला एक ट्विटर हैंडल ने बज़ के हवाले से कहा है कि सलमान खान फिल्म 'राधे' की वजह से बिग बॉस छोड़ सकते हैं. सलमान ने 'राधे' के लिए पहले से ही डेट्स तय कर रखी है, ऐसे में अचानक बिग बॉस के इस सीज़न के पांच हफ्ते खिंच जाने की वजह से उन्हें शो को छोड़ना पड़ सकता है.
हालांकि इस बात में कितनी सच्चाई है ये तो वक्त ही बताएगा. क्योंकि अभी तक न तो सलमान खान न ही किसी आधिकारिक व्यक्ति ने इस बारे में कुछ कहा है. रिपोर्ट्स की मानें तो इस बार शो का फिनाले 15 फरवरी 2020 को होगा.