Rajinikanth Film Laal Salaam: रजनीकांत (Rajinikanth) की अगली फिल्म का ऐलान हो गया है. उनके चाहने वालों के लिए अच्छी खबर है. 2021 में 'अन्नात्थे' के बाद अब उनकी किसी फिल्म की घोषणा हुई है. खास बात ये है कि इस फिल्म का निर्देशन कोई और नहीं बल्कि उनकी बेटी ऐश्वर्या कर रही हैं. फिल्म का टाइटल 'लाल सलाम' है. फिल्म में रजनीकांत की भूमिका क्या होगी आगे खबर में हम आपको बताते हैं. 

रजनीकांत की फिल्म का ऐलान

रजनीकांत की आने वाली फिल्म 'लाल सलाम' में उनका केमियो रोल देखने को मिलेगा. फिल्म में विशु विशाल और विक्रांत मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म में संगीत एआर रहमान के होंगे. 'लाल सलाम' का आधिकारिक लॉन्च आज, 5 नवंबर को एक पूजा समारोह के साथ किया गया. फिल्म लाइका प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित की जा रही है. फिल्म की रिलीज की बात करें तो ये अगले साल 2023 में सिनेमाघर में दस्तक देगी. 

 

लाल सलाम में बेटी ऐश्वर्या संग करेंगे काम

रजनीकांत की बड़ी बेटी ऐश्वर्या की साल 2012 में आई फिल्म 'वाई राजा वाई' काफी सुर्खियों में रही थी. इस फिल्म में धनुष लीड रोल में नजर आए थे. अब ऐश्वर्या की न्यू अनाउंसमेंट में 'लाल सलाम' को लेकर भी चर्चा जोरशोर से हो रही है, और इसकी वजह फिल्म में नजनीकांत के केमियो है. 

फिल्म के टाइटल के साथ 'लाल सलाम' का एक पोस्टर रिलीज किया गया है जिसमें क्रिकेट का एक हेलमेट जलता हुआ दिख रहा है. निर्माताओं ने ट्विटर पर इस पोस्टर को शेयर करने के साथ लिखा है, 'लाल सलाम सभी को! हम एकमात्र सुपरस्टार @rajinikanth के साथ अपने अगले प्रोजेक्ट की घोषणा करते हुए बेहद खुश हैं.'

'लाल सलाम' के अलावा रजनीकांत नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनने वाली फिल्म 'जेलर' में दिखाई देंगे. इस फिल्म में राम्या कृष्णन, योगी बाबू, विनायकन और वसंत रवि भी अहम भूमिका में नजर आएंगे. इसके अलावा फिल्म में थलाइवी के अपोजिट चंदन स्टार शिवराजकुमार भी नजर आएंगे. 

ये भी पढ़ें: इस एक्टर के साथ काम करना चाहती हैं Janhvi Kapoor, बोलीं- अच्छी पेयरिंग होगी