अमेजन प्राइम वीडियो के पॉपुलर रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बज बना हुआ है. शो अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है और ग्रैंड फिनाले को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ गया है. पूरे सीजन में कंटेस्टेंट्स के बीच जमकर लड़ाई, बहस और ड्रामा देखने को मिला. वहीं, फिनाले में जगह बनाने के लिए सभी ने अपना पूरा जोर लगाया. अब शो के टॉप कंटेस्टेंट्स के बीच ट्रॉफी जीतने की आखिरी जंग होने वाली है. ऐसे में हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर इस सीजन का विनर कौन बनेगा.
ग्रैंड फिनाले से पहले 'राइज एंड फॉल 2' के सेमीफिनाले में दर्शकों को खूब हंगामा और ड्रामा देखने को मिला. इस एपिसोड के बाद शो को अपने छह फाइनलिस्ट मिल गए हैं. आइए जानते हैं एपिसोड 41 में क्या-क्या खास हुआ.
सोनम मलिक का सफर हुआ खत्म
'राइज एंड फॉल 2' के सेमीफिनाले में सोनम मलिक का सफर खत्म हो गया. वो फाइनलिस्ट बनने से चूक गईं और शो से एविक्ट हो गईं. वहीं, निहारिका तिवारी, स्वरा भास्कर, गौतम गुलाटी, करण पटेल और प्रियंका चाहर चौधरी ने फिनाले में अपनी जगह पक्की कर ली है. शहजाद पूनावाला पहले ही फिनाले में पहुंचने वाले पहले कंटेस्टेंट बन गए थे. इस तरह शो को अपने छह फाइनलिस्ट मिल गए हैं. अब ग्रैंड फिनाले में इन छह कंटेस्टेंट्स के बीच ट्रॉफी के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा.
पेंटहाउस पहुंचीं निहारिका तिवारी और प्रियंका चाहर चौधरी
सेमीफिनाले टास्क के दौरान वर्कर्स निहारिका तिवारी, सोनम मलिक और प्रियंका चाहर चौधरी के बीच जमकर हंगामा देखने को मिला. इस टास्क में सोनम मलिक हार गईं और उन्हें शो से बाहर होना पड़ा. वहीं, निहारिका और प्रियंका फाइनलिस्ट बनकर बेसमेंट से पेंटहाउस पहुंच गईं और रूलर्स बन गईं. इसके बाद सभी फाइनलिस्ट ने साथ में अल्टीमेट डिनर किया. इस दौरान शो में एक छोटी-सी पार्टी भी रखी गई, जिसमें सभी कंटेस्टेंट्स ने खूब एंजॉय किया.
कब और कहां देखें 'राइज एंड फॉल 2' का ग्रैंड फिनाले?
'राइज एंड फॉल 2' का ग्रैंड फिनाले 6 नवंबर 2026 यानी शुक्रवार को स्ट्रीम किया जाएगा. दर्शक इसे दोपहर 12 बजे से एमएक्स प्लेयर पर फ्री में देख सकेंगे. बता दें कि बनिजय एशिया के प्रोडक्शन में बने इस शो के रोजाना के एपिसोड भी दोपहर 12 बजे एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम किए जाते हैं.
