नई दिल्ली: मशहूर पंजाबी सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह लंबे ब्रेक के बाद अब एक बार फिर लाइम लाइट में हैं. हाल में उनका नेहा कक्कड़ के साथ आया गाना 'मखना' काफी पसंद किया गया. अब इसके बाद हनी सिंह अपने अगले गाने की शूटिंग में जुट गए हैं. इंस्टाग्राम पर हनी सिंह ने कई वीडियो और तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें उन्होंने अपने अगले गाने का एलान किया है. हालांकि हनी सिंह ने अपने एल्बम के नाम का खुलासा नहीं किया है. आज हनी सिंह ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें वो लोकेशन और गाने की सेट्स दिखाते नज़र आए. इस दौरान हनी अपने पुराने अंदाज़ में भी नज़र आ रहे हैं. सीटी बजाते हुए रैपर के लुक में हनी बेहद खुश दिखे. उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, "आप मेरा अगला गाना गेस (अनुमान) कीजिए."
इस वीडियो के अलावा हनी सिंह ने एक तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वो उस जगह नज़र आ रहे हैं, जहां उनके गाने को शूट किया जा रहा है. तस्वीर शेयर के साथ उन्होंने लिखा, "कंट्रोल स्टेशन को कंट्रोल कर रहा हूं. मेरा अगला म्यूज़िक वीडियो शूट. आप तैयार हैं."
आपको बता दें कि इससे पहले हनी सिंह ने वीडियो के लिए लुक टेस्ट भी दिया, जिसकी तस्वीर उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की. गौरतलब है कि हनी सिंह पंजाबी रैपर के साथ साथ हिंदी सिनेमा में रैप और गाने भी गा चुके हैं. पिछले साल उन्होंने फिल्म 'सोनू के टीटू की स्वीटी' में भी गाने गाए थे, जो की काफी हिट रहे थे.