मुंबई: अभिनेता सनी देओल फिल्मी दुनिया में अपने बेटे करण देओल के आगाज को लेकर इमोशनल हैं. करण 'पल-पल दिल के पास' से अपनी फिल्मी पारी शुरू कर रहे हैं.

सनी ने एक तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, "'पल-पल दिल के पास' की शूटिंग शुरू हो गई. शूटिंग में करण का पहला दिन..मेरा बेटा बड़ा हो गया है."

 

करण को लॉन्च करने के लिए जी स्टूडियोज ने सनी के साथ सहयोग किया है. दोनों ने फिल्म 'गदर एक प्रेम कथा' की सफलता के बाद हाथ मिलाए थे. 'पल-पल दिल के पास' की शूटिंग पिछले सप्ताह मनाली में शुरू हुई.

करण अभिनय की दुनिया में देओल परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं. उनके दादा धर्मेद्र और पिता सनी देओल ने अपने शानदार अभिनय से लोगों के दिलो-दिमाग पर अमिट छाप छोड़ी है.

सनी देओल निर्देशित यह फिल्म एक प्रेम कहानी है. फिल्म का नाम धर्मेद्र पर फिल्माए गए एक लोकप्रिय गाने 'पल-पल दिल के पास' पर रखा गया है. सनी ने बताया कि करण अपने फिल्मी करियर को लेकर गंभीर हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि वह सभी को गौरवान्वित करेंगे.