मास्को: बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री हेमा मालिनी रूस के चौथे भारतीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआर) में शामिल हुईं. हेमा को इस फिल्म महोत्सव में खास पुरस्कार से नवाज़ा गया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि रूस के लोगों से मिले प्यार से वो बेहद खुशी महसूस कर रही हैं.

लोग उन्हें यादगार फिल्म 'सीता और गीता' के भाग-2 में देखना चाहते हैं. अपनी यात्रा और कार्यक्रम की झलकियां साझा करते हुए हेमा ने ट्वीट किया, "भारतीय सिनेमा को रूस और पूरी दुनिया में लोकप्रिय बनाने के लिए मॉस्को में हूं जहां मुझे अवॉर्ड से नवाज़ा गया.”

 

उन्होंने कहा, "मेरे लिए रूस के लोगों की दीवानगी अविश्वसनीय है. खास तौर से 'सीता और गीता', अगर मैं 40 साल बाद भी काम करती हूं तो वह मुझे भाग-2 में देखने को तैयार हैं." हिंदी सिनेमा की 'ड्रीमगर्ल' ने रूस में भारतीय राजदूत पंकज सरन के साथ अपनी कुछ तस्वीरें साझा की, इसमें वह लाल रंग की साड़ी में नजर आ रही हैं.

हेमा ने ट्वीट किया, "क्या गौरवशाली क्षण था! हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों को बड़ी संख्या में दर्शकों द्वारा जोरदार तालियां के बीच खूबसूरती से पेश किया गया."