मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर ने शनिवार को मशहूर आर. के. फिल्म्स एंड स्टूडियोज में लगी आग के कारण स्टूडियो में बनी फिल्मों की यादों और कॉस्ट्यूम्स की कभी न पूरी होने वाले नुकसान पर दुख जताया है.
स्टूडियो की नीव रखने वाले राज कपूर के बेटे ऋषि कपूर ने ट्वीट कर कहा, "स्टूडियो तो फिर से बनाया जा सकता है, लेकिन आर.के. फिल्मों की यादों और कॉस्ट्यूम्स की अपूरणीय क्षति सभी के लिए दुखद है. आग ने इसे छीन लिया."
आग में स्टूडियो के मुख्य शूटिंग स्थलों में से एक डांस रियलिटी टीवी शो 'सुपर डांसर सीजन 2' का सेट जलकर खाक हो गया है, लेकिन शुक्र है कि उस वक्त शूटिंग नहीं चल रही थी.
आर.के फिल्म्स ने बॉलीवुड को 'बरसात' (1949), 'आवारा' (1951), 'बूट पॉलिश' (1954), 'श्री 420' (1955) और 'जागते रहो' (1956) जैसी शानदार फिल्में दी हैं.
इसमें 'जिस देश में गंगा बहती है' (1960), 'मेरा नाम जोकर' (1970), ऋषि कपूर और डिंपल कपाड़िया की पहली फिल्म 'बॉबी' (1973), 'सत्यम शिवम सुंदरम' (1978), 'प्रेम रोग' (1982), 'राम तेरी गंगा मैली' (1985) जैसी कई फिल्में बनाई गईं.
