नई दिल्ली: इन दिनों रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की शादी का फैंस को काफी बेसब्री से इंतजार है. कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि दोनों इसी साल 18 से 20 नवंबर के बीच शादी कर सकते हैं. लेकिन अभी तक इस खबर की आधिकारिक तौर पर किसी ने भी पुष्टी नहीं की है. इनकी शादी के बाद की प्लानिंग की खबरों ने भी जोर पकड़ लिया है. दरअसल शादी की तारीख के बाद अब खबर है कि शादी के बाद ये कपल नए घर में शिफ्ट हो सकता है.
बताया जा रहा है कि रणवीर ने दीपिका के लिए बांद्रा-खार इलाके के श्री अपार्टमेंट में एक घर खरीदा है. इससे पहले उन्होंने वर्ली में एक 5 BHK अपार्टमेंट देखा था, लेकिन वह उन्हें पसंद नहीं आया. कई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि रणवीर अभी जिस बिल्डिंग में रहते हैं, उसी में उन्होंने एक नया घर खरीदा है. रणवीर और उनकी फैमिली फिलहाल श्री अपार्टमेंट में ही रहते है. इसी बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर अब उन्होंने दीपिका के लिए 3BHK अपार्टमेंट खरीदा है.
फिलहाल घर में रिनोवेशन का काम चल रहा है. दरअसल, रणवीर शादी के बाद अपनी फैमिली के आसपास ही रहना चाहते हैं. वो मुंबई में ही पले-बढ़े हैं, जबकि दीपिका का घर बेंगलुरू में है और वो ज्यादातर वहां जाती रहती हैं. हालांकि शादी के बाद अपने वर्क कमिटमेंट के चलते दीपिका का ज्यादा वक्त मुंबई में ही बीतेगा, ऐसे में रणवीर ने फैसला किया कि वो उनके लिए एक नया घर खरीदेंगे.
फिलहाल घर का इंटीरियर रणवीर-दीपिका की पसंद के मुताबिक तैयार किया जा रहा है. इसके साथ ही आपको बता दें कि हाल ही में दीपिका अपनी मां उज्ज्वला के साथ बांद्रा में शॉपिंग करतीं नजर आईं. दोनों एक ज्वैलरी शॉप के बाहर स्पॉट हुईं थीं. ऐसे में माना जा रहा है कि दीपिका मां के साथ शादी की शॉपिंग करने ही पहुंची थीं.
खबरों की मानें तो दीपिका और रणवीर डेस्टिनेशन वेडिंग चाहते थे. लेकिन रणवीर के परिवारवाले मुंबई में ही शादी करने के इच्छुक हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी के बाद दीपिका और रणवीर अपने रिलेटिव्स और फ्रेंड्स के लिए दो रिसेप्शन प्लान कर रहे हैं. पहला रिसेप्शन मुंबई में होगा, जबकि दूसरा दीपिका के होमटाउन बेंगलुरू में हो सकता है.
रणवीर और दीपिका आखिरी बार फिल्म पद्मावत में साथ नजर आए थे. इसके बाद रनवीर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'सिंबा' की शूटिंग कर रहे हैं और दीपिका को कान्स में काफी खूबसूरत अंदाज में देखा जा चुका है. वहीं शादी की बात करें तो दोनों में से किसी ने भी इस बारे में अभी तक पब्लिकली कोई बात नहीं की हैं लेकिन सोनम कपूर की शादी के बाद फैंस को दीपिका और रणवीर की शादी का काफी बेसब्री से इंतजार है.
