नई दिल्ली : बॉलीवुड में इन दिनों MeToo जोर पकड़ रहा है जिसके चलते एक के बाद एक सेलेब सामने आ रहे हैं. विकास बहल, नाना पाटेकर, कैलाश खेर के बाद अब एक और एक्टर के खिलाफ बदसलूकी का मामला सामने आया है. एक जर्नलिस्ट ने कपूर एंड सन्स फेम एक्टर रजत कपूर पर इंटरव्यू के दौरान बदसलूकी का आरोप लगाया है. इस मामले के सामने आते ही रजत ने सार्वजनिक तौर पर उस महिला से माफी मांगी है. रजत कपूर ने ट्विटर पर ट्वीट करते हुए लिखा, ''सारी जिंदगी मैं यही कोशिश करता रहा कि एक सभ्य इंसान बन सकूं. हमेशा वही करूं जो सही हो. लेकिन मैं थोड़ा बहक गया और मेरे शब्दों या एक्शन्स के चलते किसी के दिल को ठेस पहुंची हो तो मैं अपनी गलती मानता हूं और माफी मांगता हूं.''
रजत कपूर ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा, ''मैं दिल से माफी मांगता हूं और दुखीं हूं ये सोचकर कि मेरी वजह से किसी इंसान को दुख पहुंचा. मेरे लिए अगर मेरे काम से भी ज्यादा कुछ जरूरी है तो वो है एक अच्छा इंसान बनना. मैंने हमेशा कोशिश भी यही की है कि मैं अच्छा इंसान बनूं लेकिन अब मैं पहले से ज्यादा मेहनत करूंगा. ''