एक्टर प्रकाश राज अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में आ गए हैं. उनकी मां सुवर्णलता का 86 साल की उम्र में निधन हो गया, जिससे वो और उनका परिवार बहुत दुखी हैं. इस मुश्किल समय में जहां लोगों ने उन्हें सांत्वना दी, वहीं सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनपर सवाल उठाना शुरू कर दिया. खासकर उनकी मां के अंतिम संस्कार को लेकर बहस छिड़ गई, जिसने इस मुद्दे को और भी चर्चा में ला दिया है.
प्रकाश राज ने ट्रोल्स को दिया जवाब
प्रकाश राज ने अपनी मां का अंतिम संस्कार उनकी आस्था के अनुसार क्रिश्चियन रीति-रिवाज से बेंगलुरु में कराया. लेकिन एक सोशल मीडिया यूजर ने उन्हें निशाना बनाते हुए कहा कि जो व्यक्ति खुद को नास्तिक बताता है, वो धार्मिक तरीके से अंतिम संस्कार कैसे कर सकता है?
इस पर प्रकाश राज चुप नहीं रहे और उन्होंने सीधे जवाब देते हुए कहा, 'मैं भगवान में विश्वास नहीं करता, लेकिन मेरी मां करती थीं. मैं कौन होता हूं उनकी आस्था को नकारने वाला? उन्हें उनके विश्वास के अनुसार अंतिम संस्कार का अधिकार है. क्या नफरत फैलाने वाले लोग इतनी सी बात समझ पाएंगे?'
प्रकाश ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
मां के निधन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने सभी लोगों का धन्यवाद किया और अपनी मां को याद करते हुए कहा कि वे उन्हें बहुत मिस करेंगे.
बता दें, बीते साल प्रकाश राज ने लल्लनटॉप के साथ एक इंटरव्यू में बताया था कि वो भगवान में विश्वास नहीं करते, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि वो दूसरों को भी ऐसा करने के लिए कहें. उनकी मां क्रिश्चियन धर्म को मानती थी और उनकी पत्नी हिंदू धर्म से हैं और वो दोनों के विश्वास का सम्मान करते हैं. वो अपनी पत्नी के साथ पूजा में बैठते हैं और मां के साथ चर्च भी जाते थे.
