नई दिल्ली: 'पद्मावती' को लेकर हर तरफ से विवादों में घिरे अभिनेता रणवीर सिंह सोमवार शाम सुपरस्टार सलमान खान से मिलने उनकी शूटिंग के सेट पर पहुंचे. सलमान इन दिनों फिल्म 'रेस 3' की शूटिंग कर रहे हैं. इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं.
'रेस 3' में सलमान खान ने सैफ अली खान को रिप्लेस किया है. पहले ये रोल शाहरूख खान को ऑफर किया गया था लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया था. इसके बाद सलमान ने इस रोल के लिए हामी भरी.
ये फिल्म 2008 में आई 'रेस' सीरिज की तीसरी फिल्म है. 'रेस' में सैफ अली खान, बिपाशा बासु, अनिल कपूर, अक्षय खन्ना और समीरा रेड्डी नजर आए थे. 2013 में 'रेस 2' रिलीज हुई जिसमें सैफ अली खान, जॉन अब्राहम, दीपिका पादुकोण, जैकलीन फर्नांडिस, अमीषा पटेल और अनिल कपूर नजर आए थे. ये दोनों फिल्म कमाई के मामले में बहुत ही कामयाब रही थी. अब तीसरे में सलमान खान हैं और इसकी शूटिंग शुरू हो चुकी है. ये फिल्म अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होगी.
इसके अलावा सलमान खान की फिल्म टाइगर ज़िंदा है इसी साल 22 दिसंबर को रिलीज होने वाली है जिसमें उनके साथ कैटरीना कैफ हैं.