बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के प्रदूषण कम करने वाले जागरूकता अभियान में शामिल एक्ट्रेस दीया मिर्जा के वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है. इसी बीच दीया मिर्जा का वीडियो बीएमसी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया. इस पूरे विवाद के बीच अब दीया मिर्जा ने आईएएनएस को अपना बयान दिया है.

Continues below advertisement

दीया मिर्जा ने आईएएनएस से कहा, 'दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और निराशा पर आशा की जीत का उत्सव है. यह वीडियो लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड किया गया था, ताकि उन्हें अधिक स्वस्थ और सोच-समझकर त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया जा सके. वायु प्रदूषण जनस्वास्थ्य से जुड़ा एक मुद्दा है और इसे कम करने की दिशा में किया गया हर प्रयास सभी के लिए बेहतर पर्यावरण की ओर एक कदम है.'

बीएमसी ने शुरू किया था जागरूकता अभियान

Continues below advertisement

दरअसल, मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच बीएमसी ने दीपावली से पहले लोगों को प्रदूषण कम करने के लिए जागरूक करने का अभियान शुरू किया था. इस अभियान के तहत कुछ वीडियो जारी किए गए थे, जिनमें दीया मिर्जा के अलावा एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे भी नजर आए थे. इन वीडियो के जरिए लोगों से पटाखों का इस्तेमाल कम करने और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए दीपावली मनाने की अपील की गई थी.

 

हालांकि, दीया मिर्जा का वीडियो सामने आने के बाद इस पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया. मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने एक्ट्रेस  के वीडियो पर आपत्ति जताई और कहा कि लोगों को दीपावली मनाने के तरीके के बारे में दीया मिर्जा से सीख लेने की जरूरत नहीं है. भारतीय परंपराओं में दीपावली का खास महत्व है और लोगों को अपने त्योहारों के बारे में अच्छी तरह पता है. विवाद बढ़ने के बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया. हालांकि, निगम की ओर से वीडियो हटाने की कोई सार्वजनिक वजह नहीं बताई गई.